UP में सड़क हादसे में एक की मौत, 2 घायल, Lucknow-Raebareli हाईवे पर Tractor से टकराया Auto

UP/Lucknow: रायबरेली-लखनऊ हाईवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। कल्ली पश्चिम के ओमैक्स मोड़ के पास एक ट्रैक्टर और ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक यात्री की जान चली गई, जबकि ऑटो चालक समेत दो लोग घायल हो

UP/Lucknow: रायबरेली-लखनऊ हाईवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। कल्ली पश्चिम के ओमैक्स मोड़ के पास एक ट्रैक्टर और ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक यात्री की जान चली गई, जबकि ऑटो चालक समेत दो लोग घायल हो गए।

यह घटना सुबह करीब सात बजे की है। हादसे के समय ऑटो में कुल 9 लोग सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पलट गया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अमरजीत के रूप में हुई है, जो निगोहां के लालपुर दखिना के रहने वाले थे और पेशे से मजदूर थे। उन्हें तुरंत पीजीआई के एपेक्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे में घायल ऑटो चालक शिवम को कल्ली पश्चिम के मेरीगोल्ड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक अन्य यात्री रामदुलारी को सक्षम हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, हादसा तब हुआ जब ओमैक्स कट से एक ट्रक मुड़ रहा था और जगह कम होने की वजह से ऑटो चालक वाहन निकालने की कोशिश कर रहा था, तभी उसकी टक्कर ट्रैक्टर (UP-33-CY-8864) से हो गई। ऑटो का नंबर UP-32-UN-4292 था।

पीजीआई थाना इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की वजह से हाईवे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम रहा, जिसे पुलिस ने बाद में ठीक कराया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।