UP में सड़क हादसे में 1 की मौत, 30 से ज्यादा घायल, बिहार से अयोध्या जा रही डबल-डेकर बस खड्ड में पलटी

लखीमपुर खीरी: बिहार के बेतिया से श्रद्धालुओं को अयोध्या लेकर जा रही एक डबल-डेकर बस लखीमपुर खीरी जिले में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई और करीब 30 से 38 लोग घाय

लखीमपुर खीरी: बिहार के बेतिया से श्रद्धालुओं को अयोध्या लेकर जा रही एक डबल-डेकर बस लखीमपुर खीरी जिले में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई और करीब 30 से 38 लोग घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर उचौलिया थाना क्षेत्र के एक गुरुद्वारे के पास हुआ।

पुलिस के मुताबिक, बस में सवार यात्री हरिद्वार से गंगाजल लेकर अयोध्या में जलाभिषेक के लिए जा रहे थे। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) अमित कुमार राय ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि ड्राइवर को झपकी आने की वजह से बस बेकाबू हो गई और खड्ड में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को पासगवां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

मृतक की पहचान 50 वर्षीय हरि शंकर लाल यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिवार को खबर कर दी गई है। घायलों में बस चालक सलाउद्दीन समेत लांभा देवी, सरल मेहता, सुखदेव दास, सूगी देवी, हीरालाल, सुशीला देवी और सुगाता देवी जैसे लोग शामिल हैं। इनमें से छह गंभीर रूप से घायल यात्रियों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें शाहजहांपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है।