UP के 40 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, लखनऊ समेत कई शहरों में गिरेगा तापमान

UP: उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश और गरज-चमक के साथ येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी लखनऊ समेत राज्य के कई हिस्सों में 17 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस बारिश से तापमान

UP: उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश और गरज-चमक के साथ येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी लखनऊ समेत राज्य के कई हिस्सों में 17 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस बारिश से तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है और मानसून ट्रफ सक्रिय है, जिसकी वजह से नम हवाएं यूपी की ओर आ रही हैं। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झांसी, ललितपुर, बांदा, प्रयागराज और बरेली सहित करीब 20 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 से 16 अगस्त और फिर 18-19 अगस्त के दौरान बारिश की अधिक संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 और 18 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटों की बात करें तो पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में काफी बारिश हुई है। सीतापुर के भिरगुवाघाट में सबसे ज्यादा 13 सेमी और मुरादाबाद के बिलारी में 9 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 16 से 19 अगस्त के बीच कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा भी बन सकता है।

प्रशासन और मौसम विभाग ने आम लोगों को सलाह दी है कि आंधी-तूफान के समय पेड़ों के नीचे न रुकें और बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखें। वहीं किसानों के लिए भी जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं। अरहर, मक्का, मूंगफली, तिल, धान और सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को अपने खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने का सही इंतजाम करने को कहा गया है ताकि फसल को नुकसान न पहुंचे।