UP में सड़क हादसे में पिता-पुत्री की मौत, मां और दो बच्चे गंभीर घायल, डिवाइडर से टकराई बाइक

Hapur: दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पिता और उनकी चार साल की बेटी की जान चली गई। यह हादसा सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बछलौता फ्लाईओवर के पास हुआ। मोटरसाइकिल अनियंत्रित होक

Hapur: दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पिता और उनकी चार साल की बेटी की जान चली गई। यह हादसा सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बछलौता फ्लाईओवर के पास हुआ। मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

मृतकों की पहचान शाहजहांपुर जिले के खुदागंज निवासी अशोक (45 वर्ष) और उनकी बेटी राधिका (4 वर्ष) के रूप में हुई है। राधिका की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अशोक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह परिवार शाहजहांपुर से नोएडा जा रहा था, जहां अशोक काम करते थे।

हादसे में अशोक की पत्नी रिंकी (42 वर्ष) और दो बच्चे अनुज (14 वर्ष) और मीनाक्षी (8 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि बेटे अनुज की जान बचाने के लिए डॉक्टरों को उसकी टांग काटनी पड़ी।

घटना की जानकारी मिलते ही बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के सही कारणों की जांच कर रही है और जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।