UP में देवरिया और कुशीनगर के बीच बनेगा सुपरफास्ट हाईवे, लखनऊ की यात्रा होगी आसान
UP/Deoria : पूर्वांचल के लोगों के लिए सफर अब पहले से ज्यादा आसान होने वाला है। गोरखपुर में देवरिया हाईवे को सिक्टौर के पास सीधे कुशीनगर फोरलेन से जोड़ा जाएगा। इस नई कनेक्टिविटी से गोरखपुर से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को ल
UP/Deoria : पूर्वांचल के लोगों के लिए सफर अब पहले से ज्यादा आसान होने वाला है। गोरखपुर में देवरिया हाईवे को सिक्टौर के पास सीधे कुशीनगर फोरलेन से जोड़ा जाएगा। इस नई कनेक्टिविटी से गोरखपुर से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को लंबे जाम से राहत मिलेगी और समय की काफी बचत होगी।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और उत्तर प्रदेश सरकार इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम कर रहे हैं। NHAI ने देवरिया बाईपास को कुशीनगर फोरलेन से जोड़ने के लिए डिजाइन तैयार करने वाली एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस व्यवस्था से नौसढ़ और ट्रांसपोर्टनगर जैसे इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
सड़कों के जाल को मजबूत करने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। 30 जनवरी 2026 को मंत्रिपरिषद ने देवरिया-कसया मार्ग (राज्य मार्ग-79) को फोरलेन बनाने के लिए करीब 292 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी। यह सड़क 31.5 किलोमीटर लंबी होगी जो कुशीनगर के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे और नेपाल बॉर्डर को भी जोड़ेगी। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इस काम के लिए पेड़ों के चिह्नीकरण का काम पूरा कर लिया है।
इसके अलावा, कुशीनगर के तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के सेवरही नगर पंचायत में बाईपास मार्ग के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का काम भी शुरू हो गया है। देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी और विधायक डॉ. असीम कुमार राय ने इसका भूमिपूजन किया। वहीं NHAI के मुताबिक गोरखपुर-पानीपत एक्सप्रेसवे का विस्तार अब कुशीनगर जिले तक किया जाएगा, जिसे आगे सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।