UP में मनाया गया ‘व्यापारी कल्याण दिवस’, दानवीर भामाशाह की जयंती पर व्यापारियों को मिला सम्मान

UP: उत्तर प्रदेश सरकार ने 29 जून 2026 को दानवीर भामाशाह की जयंती के मौके पर पूरे प्रदेश में ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ मनाया। इस खास दिन का मकसद व्यापारियों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के काम को पहचान देना

UP: उत्तर प्रदेश सरकार ने 29 जून 2026 को दानवीर भामाशाह की जयंती के मौके पर पूरे प्रदेश में ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ मनाया। इस खास दिन का मकसद व्यापारियों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के काम को पहचान देना और युवाओं को सेवा व राष्ट्रहित के रास्तों से जोड़ना था। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शुक्रिया अदा किया है।

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश के 36 राज्यों में इकलौता ऐसा राज्य है जिसने व्यापारी समुदाय के सम्मान के लिए अलग से ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ घोषित किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आयोजन को जनभागीदारी के साथ मनाने को कहा था ताकि समाज में व्यापारियों के योगदान को सराहा जा सके।

इस अवसर पर मैनपुरी और नोएडा समेत राज्य के कई जिलों में बड़े कार्यक्रम हुए। इन आयोजनों में राज्य कर विभाग और संस्कृति विभाग ने हिस्सा लिया। जिन व्यापारियों ने सबसे ज्यादा राज्य कर जमा किया और समाज के लिए अच्छा काम किया, उन्हें प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को टूलकिट और लोन के अप्रूवल लेटर भी बांटे गए।

नोएडा में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के सहयोग से सांस्कृतिक प्रोग्राम हुए और ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के तहत खास उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मैनपुरी के कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक फिरोजाबाद के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह ने कहा कि दानवीर भामाशाह का त्याग आज भी सबको प्रेरणा देता है और सरकार व्यापारियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए काम कर रही है।