UP कैबिनेट का बड़ा फैसला, होमगार्ड्स को मिलेगा कैशलेस इलाज और पदक विजेताओं की होगी सीधी भर्ती

UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को लखनऊ में कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में राज्य सरकार ने होमगार्ड्स, खिलाड़ियों और शाहजहांपुर के लोगों के लिए कई बड़े फैसले लिए हैं। इन फैसलों से हजारों कर्मचारिय

UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को लखनऊ में कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में राज्य सरकार ने होमगार्ड्स, खिलाड़ियों और शाहजहांपुर के लोगों के लिए कई बड़े फैसले लिए हैं। इन फैसलों से हजारों कर्मचारियों और युवाओं को सीधा फायदा पहुंचने वाला है।

सबसे बड़ी राहत होमगार्ड्स के लिए आई है। अब उन्हें भी कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने पहले ही आयुषमान भारत योजना की तर्ज पर इसके निर्देश दिए थे। अब पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत होमगार्ड्स को इलाज मिल सकेगा। इस योजना में निजी अस्पतालों में साल भर में 5 लाख रुपये तक और सरकारी अस्पतालों में बिना किसी सीमा के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है।

खेल जगत से जुड़े युवाओं के लिए भी अच्छी खबर है। कैबिनेट ने अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की सीधी भर्ती को मंजूरी दी है। ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और विश्व कप जैसे आयोजनों में पदक जीतने वाले यूपी के मूल निवासी खिलाड़ियों को राजपत्रित अधिकारी बनाया जाएगा। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि इसके लिए 9 विभागों में 24 पद तय किए गए हैं। खिलाड़ियों के चयन के लिए मुख्य सचिव की अगुवाई में एक कमेटी बनाई जाएगी।

इसके अलावा शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद कस्बे का नाम अब परशुरामपुरी होगा। कैबिनेट ने इस नाम परिवर्तन को अपनी मंजूरी दे दी है। जलालाबाद को भगवान परशुराम का जन्मस्थान माना जाता है, इसलिए इसकी पहचान बदलने का फैसला लिया गया। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अगस्त 2025 में ही इस बदलाव को अपनी सहमति दे दी थी।