UP, Bihar, Uttarakhand समेत 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, अगले 10 घंटे हो सकते हैं भारी
UP/Bihar/Uttarakhand: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के 13 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में अगले 10 घंटो
UP/Bihar/Uttarakhand: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के 13 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में अगले 10 घंटों के भीतर मौसम में बड़ा बदलाव आ सकता है। कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग ने अलग-अलग क्षेत्रों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे बिना जरूरी काम के यात्रा न करें और खराब मौसम के दौरान पेड़ों या कमजोर मकानों के नीचे खड़े होने से बचें। मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है कि वे 10 से 12 जुलाई के बीच अंडमान सागर में न जाएं क्योंकि वहां 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में 10 से 13 जुलाई के बीच मानसून काफी सक्रिय रहेगा। मुज़फ़्फ़रनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं जैसे जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। पश्चिमी और मध्य यूपी के कई हिस्सों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं बिहार के पटना, गया, भागलपुर, मुज़फ़्फ़रपुर और सारण समेत कई जिलों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी दी गई है।
उत्तराखंड के हालात और भी गंभीर हो सकते हैं, जहां 10 से 13 जुलाई के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार, नैनीताल, देहरादून और पौड़ी जैसे जिलों में अत्यधिक बारिश से भूस्खलन, जलभराव और अचानक बाढ़ आने का खतरा है। दिल्ली-एनसीआर में 10 और 11 जुलाई को हल्की बारिश के लिए येलो अलर्ट है, जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
राजस्थान के कोटा और भरतपुर संभाग में बहुत भारी बारिश की आशंका है, हालांकि 11 जुलाई के बाद राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश कम होगी। केरल के मलप्पुरम और कोझिकोड जैसे जिलों में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि तमिलनाडु के नीलगिरि जिले में तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, हरियाणा और पंजाब समेत कई अन्य राज्यों में भी अलग-अलग स्तर के अलर्ट जारी किए गए हैं।