UP, Bihar समेत 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में भी हो सकती है हल्की बारिश

UP/Bihar: मौसम विभाग (IMD) ने 15 जुलाई के लिए देश के 22 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत समेत पश्चिमी हिमालयी इल

UP/Bihar: मौसम विभाग (IMD) ने 15 जुलाई के लिए देश के 22 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत समेत पश्चिमी हिमालयी इलाकों में अगले सात दिनों तक बारिश का असर रहेगा। ओडिशा में बेहद भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। लखनऊ, कानपुर, आगरा, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, हरदोई, शाहजहांपुर, बाराबंकी, फतेहपुर, रायबरेली, इटावा, जालौन, और हमीरपुर में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान आने की संभावना है। प्रयागराज में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बिहार में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है। अररिया और किशनगंज में तूफानी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा समस्तीपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी और सीतामढ़ी जैसे जिलों में भी बारिश और तूफान का अलर्ट है।

मध्य प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, रीवा, सतना और सिंगरौली में भारी बारिश की संभावना है, जहां हवा की रफ्तार 40-60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। वहीं भोपाल, विदिशा, सागर और जबलपुर में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा।

पहाड़ी राज्यों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश में पूरे हफ्ते भारी बारिश का अलर्ट है। शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, कांगड़ा और हमीरपुर समेत कई इलाकों में 37-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। उत्तराखंड के नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत में भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।

Delhi-NCR में मौसम आंशिक रूप से बादल वाला रहेगा। यहां भारी बारिश की संभावना तो नहीं है, लेकिन अगले 24 घंटों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों पर खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को 14 से 19 जुलाई के बीच समुद्र में न जाने की सलाह दी है।