UP में सड़क हादसे में 3 की मौत, 4 घायल, Scorpio से टकराया Truck

Ayodhya: अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर गुरुवार सुबह एक बहुत ही दर्दनाक हादसा हुआ। रौनाही थाना क्षेत्र के मुबारकगंज के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई

Ayodhya: अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर गुरुवार सुबह एक बहुत ही दर्दनाक हादसा हुआ। रौनाही थाना क्षेत्र के मुबारकगंज के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

यह दुर्घटना सुबह करीब 7 बजे हुई जब स्कॉर्पियो लखनऊ से अयोध्या की तरफ जा रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के पहिए निकल गए और गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई। गाड़ी में कुल सात लोग सवार थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे की वजह से हाईवे पर काफी देर तक लंबा जाम लगा रहा।

जिला अस्पताल के डॉक्टर पंकज कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो में सवार सभी सात लोग गोंडा जिले के मसकनवा इलाके के रहने वाले थे और अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे थे। घायलों को पहले जिला अस्पताल लाया गया, जिसके बाद परिजनों की इच्छा पर उन्हें दूसरे अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है।

रौनाही थाना प्रभारी रतन शर्मा के मुताबिक, तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि गाड़ी की तेज रफ्तार इस हादसे की बड़ी वजह हो सकती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का सही इलाज हो और मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद पहुंचाई जाए।