UP में अतीक अहमद के बेटे के काफिले ने टोल प्लाजा पर की दबंगई, दर्ज हुआ मुकदमा
UP : माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर के काफिले में शामिल गाड़ियों ने टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान गाड़ियों ने बैरियर तोड़े और कर्मचारियों को कुचलने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में दो दर्जन से ज्यादा गाड़ियों
UP : माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर के काफिले में शामिल गाड़ियों ने टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान गाड़ियों ने बैरियर तोड़े और कर्मचारियों को कुचलने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में दो दर्जन से ज्यादा गाड़ियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
यह पूरी घटना 8 अगस्त 2026 को हुई। अतीक अहमद के बड़े बेटे उमर को उनके छोटे भाई आबान के जनाजे में शामिल होने के लिए पुलिस सुरक्षा में लखनऊ जेल से प्रयागराज लाया जा रहा था। आबान की मौत 6 अगस्त को झांसी में एक सड़क हादसे में हुई थी। उमर के काफिले में करीब 25 से 30 निजी गाड़ियां शामिल थीं, जिनमें से कुछ गाड़ियों पर नंबर प्लेट नहीं थी या नंबर अधूरे लिखे थे।
काफिले ने प्रयागराज के नवाबगंज टोल प्लाजा और प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित भदरी टोल प्लाजा पर दबंगई दिखाई। आरोप है कि गाड़ियों ने बिना टोल दिए बैरियर तोड़ दिए और वहां काम करने वाले कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की। कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी गई और उन्हें कुचलने का प्रयास भी किया गया, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा और राजस्व की हानि हुई।
नवाबगंज टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक जयप्रकाश यादव और भदरी टोल प्लाजा मैनेजर इसाक खान की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। नवाबगंज पुलिस ने 28 नामजद वाहनों और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जबकि हथिगवां पुलिस ने दो गाड़ियों के नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत और इंस्पेक्टर पंकज अवस्थी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए जांच की जा रही है। पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है जो गाड़ियों में सवार थे और उनसे बकाया टोल शुल्क वसूलने की कोशिश की जाएगी।