UP के अमरोहा में कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर तय हुई स्पीड लिमिट, रफ्तार ज्यादा होने पर कटेगा चालान

अमरोहा: कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर 30 जुलाई से 28 अगस्त तक वाहनों की रफ्तार सीमित कर दी गई है। यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि हाईवे पर चल

अमरोहा: कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर 30 जुलाई से 28 अगस्त तक वाहनों की रफ्तार सीमित कर दी गई है। यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि हाईवे पर चलने वाले कांवड़ियों को किसी भी तरह के हादसे से बचाया जा सके।

नियम के मुताबिक, इस एक महीने की अवधि में भारी वाहनों के लिए गति सीमा 30 किलोमीटर प्रति घंटा और हल्के वाहनों के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। यह नियम अमरोहा जिले के हाईवे पर करीब 56 किलोमीटर के दायरे में लागू रहेगा। यातायात पुलिस स्पीड रडार गन के जरिए वाहनों की रफ्तार की निगरानी करेगी और नियम तोड़ने वालों का चालान किया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और एसपी लखन सिंह यादव ने कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, रोशनी और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि रूट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे और किसी भी तरह की अफवाह पर लगाम लगाई जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को इस पूरी व्यवस्था में सबसे ऊपर रखा गया है।

हाईवे पर ट्रैफिक को मैनेज करने के लिए रूट डायवर्जन भी किया जाएगा। पहले तीन सोमवार (31 जुलाई से 3 अगस्त, 7 अगस्त से 11 अगस्त, 14 अगस्त से 17 अगस्त) को शुक्रवार रात से सोमवार रात तक भारी व्यावसायिक वाहनों का रास्ता बदला जाएगा। वहीं आखिरी सोमवार (20 अगस्त से 24 अगस्त) के लिए गुरुवार रात से सोमवार रात तक डायवर्जन लागू रहेगा। सुरक्षा के लिए मार्ग पर 41 बैरियर लगाए जाएंगे और अमरोहा-बिजनौर मार्ग पर 20 किलोमीटर तक एकतरफा ट्रैफिक सिस्टम चलेगा।