UP में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दो बस हादसे, 30 से ज्यादा यात्री घायल, नींद आने से हुआ हादसा

UP/Unnao: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार की सुबह एक के बाद एक दो सड़क हादसे हुए। इन हादसों में दिल्ली से गोंडा और गोरखपुर जा रही दो स्लीपर बसों के करीब 30 से 45 यात्री घायल हो गए। दोनों घटनाएं उन्नाव जिले के अलग-अलग थान

UP/Unnao: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार की सुबह एक के बाद एक दो सड़क हादसे हुए। इन हादसों में दिल्ली से गोंडा और गोरखपुर जा रही दो स्लीपर बसों के करीब 30 से 45 यात्री घायल हो गए। दोनों घटनाएं उन्नाव जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महज 10 मिनट के अंतर पर हुईं, जिससे एक्सप्रेसवे पर काफी अफरा-तफरी मच गई।

पहला हादसा सुबह करीब 4:40 बजे बांगरमऊ थाना क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 231 पर हुआ। दिल्ली से गोंडा जा रही एक स्लीपर बस के चालक को नींद आ गई, जिसकी वजह से बस आगे चल रहे एक अज्ञात ट्रक से टकरा गई। इस टक्कर में करीब 7-8 यात्री घायल हुए। इसके ठीक 10 मिनट बाद सुबह 4:50 बजे बेहटा मुजावर क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 246 पर दूसरा हादसा हुआ। यहां दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें करीब 26 यात्री घायल हो गए। कुछ जानकारी के मुताबिक यह बस 15 फीट गहरी खाई में जा गिरी थी।

बांगरमऊ के सीओ हर्ष मोदी ने बताया कि दोनों हादसों की मुख्य वजह बस चालकों को नींद आना था। उन्होंने तड़के सुबह लंबी दूरी की यात्रा करने वाले ड्राइवरों की थकान और नींद को एक बड़ा जोखिम बताया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों को सीएचसी बांगरमऊ और जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घायलों में दो नेपाली नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को दोबारा सामान्य कराया।