Bihar में सलवार-सूट पहनकर नेपाल भाग रही यूक्रेन की महिला गिरफ्तार, SSB ने बॉर्डर पर दबोचा
Bihar/East Champaran : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में भारत-नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षाबलों ने एक बड़ी कार्रवाई की है। यहाँ सलवार-सूट पहनकर चुपके से नेपाल जाने की कोशिश कर रही यूक्रेन की एक महिला को SSB के जवानों ने पकड़ लिय
Bihar/East Champaran : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में भारत-नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षाबलों ने एक बड़ी कार्रवाई की है। यहाँ सलवार-सूट पहनकर चुपके से नेपाल जाने की कोशिश कर रही यूक्रेन की एक महिला को SSB के जवानों ने पकड़ लिया। पकड़ी गई महिला का वीजा काफी समय पहले खत्म हो चुका था, जिसके कारण वह अवैध रूप से भारत में रह रही थी।
यह पूरी घटना सोमवार शाम करीब 6:30 बजे की है। SSB की 47वीं बटालियन की टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से हरपुर बॉर्डर आउटपोस्ट (BOP) के पास पिलर नंबर 388 के करीब इस महिला को रोका। महिला की पहचान 37 वर्षीय ओक्साना शेवत्सोवा (Oksana Shevtsova) के रूप में हुई है, जो पेशे से एक इंजीनियर है। पूछताछ में पता चला कि वह दिल्ली से पटना होते हुए दो-तीन दिन पहले रक्सौल पहुँची थी और ग्रामीण रास्तों का इस्तेमाल कर नेपाल में घुसने की फिराक में थी।
जब अधिकारियों ने उसके दस्तावेज चेक किए, तो पता चला कि उसका वीजा साल 2022 में ही खत्म हो गया था। उसके पास भारत में रहने या बॉर्डर पार करने के लिए कोई वैध कागजात नहीं थे। SSB के सब-इंस्पेक्टर मयंक सिद्धू ने बताया कि महिला ने खुद को यूक्रेन की नागरिक और इंजीनियर बताया। पूर्वी चंपारण के SP स्वर्ण प्रभात ने भी इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है और बताया कि उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
तलाशी के दौरान महिला के पास से एक Oppo मोबाइल फोन, ईयरबड्स और 57,330 रुपये की भारतीय करेंसी बरामद हुई है। इसके अलावा उसके मोबाइल में एक आधार कार्ड की डिजिटल कॉपी भी मिली है, जिसकी सच्चाई की जांच की जा रही है। फिलहाल हरपुर थाने में शिकायत दर्ज कर ली गई है। सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां अब उससे पूछताछ कर रही हैं कि वह भारत में कहाँ रुकी थी, उसके संपर्क में कौन लोग थे और वह नेपाल क्यों जाना चाहती थी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या उसका किसी मानव तस्करी नेटवर्क से कोई संबंध है।