UAE में येलो बॉक्स जंक्शन पर गाड़ी रोकने पर लगेगा 500 दिरहम जुर्माना, ट्रैफिक नियमों में सख्ती
World : संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमों को और सख्त किया गया है। अब सड़कों पर बने येलो बॉक्स जंक्शन के अंदर गाड़ी रोकने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। यह कदम ट्रैफिक जाम को
World : संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमों को और सख्त किया गया है। अब सड़कों पर बने येलो बॉक्स जंक्शन के अंदर गाड़ी रोकने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। यह कदम ट्रैफिक जाम को कम करने और सड़क हादसों के खतरे को घटाने के लिए उठाया गया है।
अबू धाबी पुलिस और ट्रैफिक एंड पेट्रोल्स डायरेक्टोरेट ने साफ किया है कि मोटर चालकों को येलो बॉक्स जंक्शन को हमेशा खाली रखना होगा। ड्राइवर तब तक जंक्शन में प्रवेश न करें जब तक कि उनके आगे का रास्ता पूरी तरह साफ न हो। अगर कोई चालक इस नियम का उल्लंघन करता है और येलो बॉक्स के अंदर गाड़ी खड़ी करता है, तो उसे 500 दिरहम का जुर्माना भरना होगा। यह नियम ट्रैफिक एंड रोड सेफ्टी लॉ के आर्टिकल 57 के तहत लागू किया गया है।
अबू धाबी पुलिस GHQ के मुताबिक, जंक्शन के बीच में गाड़ी रोकने से ट्रैफिक का बहाव रुक जाता है, जिससे जाम बढ़ता है और अन्य दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए रास्ता बंद हो जाता है। यह पहल पुलिस की ‘स्मार्ट रोड सेफ्टी’ रणनीति का हिस्सा है। रोड सेफ्टी एक्सपर्ट्स ने भी सलाह दी है कि जुर्माने से बचने और दूसरों की परेशानी कम करने के लिए ट्रैफिक संकेतों का पालन करें।
वहीं दुबई में रोड्स एंड ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (RTA) ने ट्रैफिक की रफ्तार बढ़ाने के लिए ‘क्विक विन्स’ नाम से प्रोजेक्ट शुरू किया है। जुलाई से सितंबर 2026 के बीच शहर के 28 अलग-अलग इलाकों में काम किया जाएगा। इसमें एमिरेट्स रोड का विस्तार और मुख्य चौराहों को बेहतर बनाना शामिल है, ताकि लोगों को सफर में कम समय लगे और सुरक्षा बढ़े।