UAE में मजदूरों के रहने के नियमों में बदलाव, अब रिहायशी इलाकों से 5km दूर होगा लेबर कैंप
World : UAE के मानव संसाधन और अमीरातीकरण मंत्रालय (MoHRE) ने मजदूरों के रहने के तौर-तरीकों को लेकर नए और सख्त नियम जारी किए हैं। अब कंपनियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि लेबर हाउसिंग या मजदूरों के रहने की जगह परिवार वाले
World : UAE के मानव संसाधन और अमीरातीकरण मंत्रालय (MoHRE) ने मजदूरों के रहने के तौर-तरीकों को लेकर नए और सख्त नियम जारी किए हैं। अब कंपनियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि लेबर हाउसिंग या मजदूरों के रहने की जगह परिवार वाले रिहायशी इलाकों से कम से कम 5 किलोमीटर दूर हो। सरकार का मकसद मजदूरों के रहने की जगह को ज्यादा सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है ताकि उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी न हो।
MoHRE ने स्पष्ट किया है कि लेबर कैंप ऐसी जगह होने चाहिए जहाँ से मुख्य सड़कों, वर्कप्लेस और ट्रांसपोर्ट नेटवर्क तक पहुँचना आसान हो। इसके साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि रहने की जगह प्रदूषण वाले इलाकों, जल निकासी के रास्तों और बाढ़ आने वाले क्षेत्रों से दूर होनी चाहिए। मंत्रालय ने इन नियमों को अपनी ‘लेबर मार्केट’ मैगजीन और ‘वर्कर एकोमोडेशन स्टैंडर्ड्स गाइड’ के जरिए साझा किया है।
नियमों के मुताबिक, जिन कंपनियों में 50 या उससे ज्यादा मजदूर काम करते हैं और जिनकी तनख्वाह 1,500 AED या उससे कम है, उनके लिए उचित आवास देना कानूनी रूप से जरूरी है। अबू धाबी में ऐसी कंपनियों के लिए इलेक्ट्रॉनिक लेबर एकोमोडेशन सिस्टम में रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है।
मजदूरों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कुछ और जरूरी बातें भी जोड़ी गई हैं:
- पूरे कैंपस में मुफ्त इंटरनेट की सुविधा देना जरूरी होगा।
- जहाँ 1,000 से ज्यादा मजदूर रहेंगे, वहाँ 24 घंटे चलने वाला मेडिकल क्लिनिक, फर्स्ट-एड रूम और आइसोलेशन रूम होना चाहिए।
- आवास में खेल के मैदान, स्पोर्ट्स फैसिलिटी और बैंकिंग मशीनें (Financial service devices) लगानी होंगी।
- आपातकालीन वाहनों, एम्बुलेंस और सिविल डिफेंस की गाड़ियों के लिए रास्ता खुला और सुरक्षित रखना होगा।
- छुट्टियों के दौरान मजदूरों के लिए सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करने की सलाह दी गई है।
मंत्रालय समय-समय पर इन नियमों की जांच के लिए निरीक्षण भी कर रहा है। पिछले निरीक्षणों में वेंटिलेशन की कमी और ज्वलनशील पदार्थों के गलत भंडारण जैसी कई कमियाँ पाई गई थीं, जिस पर सख्त कार्रवाई की गई। MoHRE ने सभी नियोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने आवास केंद्रों का रजिस्ट्रेशन कराएं और उनका नियमित रखरखाव करें।