UAE में भारतीयों के लिए पासपोर्ट और वीजा सेवाओं में बदलाव, Alhind Tours की सर्विस टली; अब यहां जाना होगा
World : UAE में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक जरूरी खबर है। Alhind Tours & Travels द्वारा शुरू की जाने वाली पासपोर्ट, वीजा और काउंसलर (CPV) सेवाएं फिलहाल टाल दी गई हैं। अबू धाबी में भारतीय दूतावास से मिले निर्देश
World : UAE में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक जरूरी खबर है। Alhind Tours & Travels द्वारा शुरू की जाने वाली पासपोर्ट, वीजा और काउंसलर (CPV) सेवाएं फिलहाल टाल दी गई हैं। अबू धाबी में भारतीय दूतावास से मिले निर्देशों के बाद यह फैसला लिया गया है। अब आवेदकों को अपनी जरूरतों के लिए सीधे दूतावास या काउंसलेट जाना होगा।
दरअसल, Alhind Tours & Travels ने 1 जुलाई 2026 से अपनी सेवाएं शुरू करने के लिए पूरे UAE में 16 सेंटर तैयार कर लिए थे। लेकिन भारत की अदालतों में चल रहे एक कानूनी विवाद की वजह से इस काम में देरी हुई है। E Trav Tech और Verasys नाम की दो कंपनियों ने इस टेंडर प्रक्रिया को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां 24 जून 2026 को ‘यथास्थिति’ (status quo) बनाए रखने का आदेश दिया गया। अब जब तक दिल्ली हाई कोर्ट का फैसला नहीं आता, Alhind इन सेवाओं को शुरू नहीं कर पाएगा।
इस बीच, पासपोर्ट और वीजा जैसी जरूरी सेवाओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। 2 जुलाई 2026 से अबू धाबी में भारतीय दूतावास और दुबई में भारतीय काउंसलेट जनरल सीधे तौर पर सीमित सेवाएं दे रहे हैं। ये सेवाएं ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक उपलब्ध हैं।
जरूरी बातें जो आपको जाननी चाहिए:
- पासपोर्ट, वीजा और एटेस्टेशन के लिए अब सीधे दूतावास या काउंसलेट जाना होगा।
- साथ में पूरा भरा हुआ आवेदन फॉर्म, जरूरी दस्तावेज और नकद फीस ले जानी होगी।
- इमरजेंसी सेवाओं के लिए सीधे मिशन से संपर्क किया जा सकता है।
- किसी भी नई अपडेट के लिए केवल अबू धाबी दूतावास और दुबई काउंसलेट की आधिकारिक वेबसाइट या सोशल मीडिया का ही इस्तेमाल करें।