UAE में भीषण गर्मी का अलर्ट, 50 डिग्री तक जा सकता है पारा, सरकार ने जारी की गाइडलाइन

World : संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में इस समय साल का सबसे गर्म और सूखा दौर शुरू हो गया है। इस समय को ‘जमरात अल कायथ’ कहा जाता है, जो 3 जुलाई 2026 से शुरू होकर 10 अगस्त 2026 तक चलेगा। इस 40 दिनों के दौरान रेगिस्

World : संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में इस समय साल का सबसे गर्म और सूखा दौर शुरू हो गया है। इस समय को ‘जमरात अल कायथ’ कहा जाता है, जो 3 जुलाई 2026 से शुरू होकर 10 अगस्त 2026 तक चलेगा। इस 40 दिनों के दौरान रेगिस्तानी इलाकों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे आम जनजीवन पर गहरा असर पड़ेगा।

नेशनल सेंटर ऑफ मेट्रोलॉजी (NCM) ने तापमान में अचानक बढ़ोतरी और धूल भरी आंधियों को लेकर चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में अंदरूनी इलाकों में तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है। साथ ही, तटीय इलाकों में रात और सुबह के समय नमी बढ़ने से गर्मी का अहसास और ज्यादा होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि एल नीनो (El Niño) की वजह से तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है।

गर्मी से बचाव के लिए सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने कुछ जरूरी निर्देश दिए हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वे दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलने से बचें और ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले मजदूरों का खास ख्याल रखने को कहा गया है। साथ ही, ड्राइवरों को धूल भरी आंधी के कारण कम विजिबिलिटी में सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि किसी भी बच्चे या पालतू जानवर को खड़ी गाड़ी में अकेला न छोड़ें, क्योंकि अंदर का तापमान बहुत तेजी से बढ़ता है जो जानलेवा हो सकता है।

मजदूरों की सुरक्षा के लिए मिनिस्ट्री ऑफ ह्यूमन रिसोर्सेज एंड एमिरेटाइजेशन (MoHRE) ने मिडडे वर्क बैन लागू किया है। इसके तहत 15 जून से 15 सितंबर तक दोपहर 12:30 बजे से 3:00 बजे तक धूप में काम करना मना है। कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने कर्मचारियों के लिए छायादार आराम क्षेत्र बनाएं और उन्हें हीट स्ट्रेस के लक्षणों के बारे में जानकारी दें।