UAE में भीषण गर्मी का कहर, तापमान 51.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा; सरकार ने जारी की एडवाइजरी

World : संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार दोपहर को देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान की निगरानी करने वाले सिस्टम में 51.2 डिग्री सेल्सियस की भारी गर्मी दर्ज की गई। नेशनल

World : संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार दोपहर को देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान की निगरानी करने वाले सिस्टम में 51.2 डिग्री सेल्सियस की भारी गर्मी दर्ज की गई। नेशनल सेंटर ऑफ मेटियोरोलॉजी (NCM) ने इसे इस महीने की सबसे बड़ी थर्मल घटना बताया है।

यह भीषण तापमान अल धफरा क्षेत्र के बुदु डाफ्स में दोपहर ठीक 12:45 बजे दर्ज किया गया। हैरान करने वाली बात यह रही कि जब तापमान चरम पर था, तभी आसपास के रेगिस्तानी इलाकों में कुछ जगहों पर बारिश भी हुई। NCM के एक्सपर्ट डॉ. मोहम्मद आलेबरी ने बताया कि जुलाई और अगस्त के महीने UAE में आमतौर पर सबसे ज्यादा गर्म होते हैं।

मजदूरों की सुरक्षा के लिए UAE सरकार ने कड़े नियम लागू किए हैं। हर साल 15 जून से 15 सितंबर तक ‘मिडडे ब्रेक’ प्रोग्राम चलाया जाता है। इसके तहत दोपहर 12:30 बजे से 3:00 बजे तक सीधी धूप में बाहरी काम करने पर पूरी तरह रोक है। मानव संसाधन और अमीराइजेशन मंत्रालय (MoHRE) के अधिकारी मोहसिन अली अल नासी ने कहा कि यह पहल मजदूरों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए की गई है।

नियमों के मुताबिक, मालिकों को अपने कर्मचारियों के लिए छायादार आराम करने की जगह, पीने का पर्याप्त पानी, कूलिंग उपकरण या पंखे और प्राथमिक चिकित्सा किट देना जरूरी है। साथ ही, बाहरी कामों के समय में बदलाव करने को कहा गया है ताकि काम ठंडे समय में पूरा हो सके।

स्वास्थ्य मंत्रालय (MOHAP) ने बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को इस भीषण गर्मी में खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे दोपहर के समय बिना जरूरी काम के बाहर न निकलें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी गर्मी का असर बना रहेगा। अंदरूनी इलाकों में तापमान 45°C से 49°C और तटीय इलाकों में 42°C से 47°C तक रह सकता है। रविवार, 9 अगस्त तक पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में बादल छाए रहने और दोपहर में बारिश होने की संभावना है। साथ ही, तेज हवाओं के कारण धूल उड़ सकती है और तटीय इलाकों में रात या सुबह के समय कोहरा छा सकता है।