Tamil Nadu की फैक्ट्री में ब्लास्ट, Bihar के युवा इंजीनियर की मौत, कई मजदूर घायल
Tamil Nadu/Tiruvallur: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में बिहार के एक युवा इंजीनियर की जान चली गई। यह हादसा मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को सुबह के समय हुआ, जिसमें कई अन्य मजदूर भी घायल हुए है
Tamil Nadu/Tiruvallur: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में बिहार के एक युवा इंजीनियर की जान चली गई। यह हादसा मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को सुबह के समय हुआ, जिसमें कई अन्य मजदूर भी घायल हुए हैं। मृतक की पहचान पूर्वी चम्पारण जिले के पिपरा कोठी निवासी 26 वर्षीय रवि रंजन कुमार के रूप में हुई है।
यह हादसा गुम्मीडिपुंडी के SIPCOT इंडस्ट्रियल एस्टेट में स्थित जैन मेटल ग्रुप (Jain Metal Group) की कॉपर स्क्रैप रिसाइक्लिंग यूनिट में हुआ। पुलिस के मुताबिक, कॉपर पिघलाने वाली भट्टी (furnace) में अत्यधिक गर्मी की वजह से जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर में आग लग गई, जिसे बुझाने में फायर ब्रिगेड की टीमों को करीब दो घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।
इस हादसे में रवि रंजन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 से 7 अन्य मजदूर घायल हुए हैं। घायलों में रंजीत कुमार, प्रिंस कुमार, ओम कुमार, राजा बाबू और ओम प्रकाश जैसे नाम शामिल हैं, जो सभी बिहार के रहने वाले हैं। कुछ घायलों को गुम्मीडिपुंडी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रिंस कुमार को चेन्नई के एक प्राइवेट अस्पताल भेजा गया है।
SIPCOT एस्टेट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था और क्या समय पर मेंटेनेंस की जांच हुई थी। गुम्मीडिपुंडी के डीएसपी ससिथरण बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं, क्योंकि आशंका है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ मजदूर दबे हो सकते हैं।
तिरुवल्लूर जिले में औद्योगिक सुरक्षा को लेकर यह चिंताएं फिर बढ़ गई हैं। इससे पहले जून 2026 में भी इलाके में अमोनिया गैस लीक का हादसा हुआ था, जिसके बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी खतरनाक उद्योगों की समीक्षा के आदेश दिए थे।