Supreme Court में हंगामा करने वाले Lucknow यूनिवर्सिटी के 2 लॉ छात्र गिरफ्तार, CJI पर टिप्पणी का आरोप
UP/Delhi: सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान हंगामा करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने लखनऊ विश्वविद्यालय के दो लॉ छात्रों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 10 जुलाई को कोर्ट रूम नंबर 13 में हुई एक घटना के बाद की गई है। गिरफ
UP/Delhi: सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान हंगामा करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने लखनऊ विश्वविद्यालय के दो लॉ छात्रों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 10 जुलाई को कोर्ट रूम नंबर 13 में हुई एक घटना के बाद की गई है। गिरफ्तार छात्रों की पहचान प्रबल प्रताप सिंह और चंद्र भान के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, प्रबल प्रताप सिंह लखनऊ यूनिवर्सिटी के तीसरे वर्ष के छात्र हैं और चंद्र भान दूसरे वर्ष में पढ़ रहे हैं। प्रबल प्रताप एक विशेष अनुमति याचिका (SLP) में खुद याचिकाकर्ता बनकर कोर्ट पहुंचे थे। आरोप है कि सुनवाई के दौरान उन्होंने न्यायिक कार्यवाही में बाधा डाली और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना, कोर्ट रूम में फाइलें फेंकना और सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करना शामिल है।
इस घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट के सुरक्षा कर्मचारियों ने दिल्ली पुलिस के तिलक मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 221, 224 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर 15 जुलाई को दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों के पास से कुछ आपत्तिजनक पर्चे भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी के बाद दोनों छात्रों का IHBAS में मेडिकल टेस्ट कराया गया, जिसमें उन्हें किसी मानसिक उपचार की जरूरत नहीं पाई गई। फिलहाल पुलिस ने उन्हें दो दिन की हिरासत में लिया है। गौरतलब है कि जस्टिस के.वी. विश्वनाथन और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने उस समय अवमानना की कार्रवाई नहीं की थी क्योंकि याचिकाकर्ता परेशान लग रहा था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों की शिकायत पर अब पुलिसिया कार्रवाई हुई है।