Sultanganj में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, 24 घंटे में 3.68 लाख से ज्यादा कांवरियों ने दर्ज कराई उपस्थिति
Bihar/Bhagalpur: विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के दौरान सुलतानगंज के अजगैबीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर की ओर जाने वाले कांवरियों की संख्या में ल
Bihar/Bhagalpur: विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के दौरान सुलतानगंज के अजगैबीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर की ओर जाने वाले कांवरियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. जिला प्रशासन ने पारदर्शी तरीके से गणना के लिए मशीनों का सहारा लिया है.
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, 9 अगस्त की रात से 10 अगस्त की शाम 6 बजे तक कुल 3,68,035 कांवरियों की गिनती दर्ज की गई है. इनमें से कृष्णगढ़ की मशीन पर 2,36,731 और धांधी बेलारी की मशीन पर 1,31,304 कांवरिए दर्ज हुए. सावन की दूसरी सोमवारी 10 अगस्त को रही, जिस दिन शाम 5 बजे तक 2,19,199 सामान्य कांवरिए और 2006 डाक बम वहां पहुंचे थे.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भागलपुर पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है. इसके तहत रेड जोन में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद है और भारी वाहनों को दूसरे रास्तों पर भेजा गया है. बाजार और घाट वाले इलाकों में सिर्फ पैदल चलने वालों को ही अनुमति दी गई है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से 24 घंटे चालू रहने वाले 14 अस्थायी चिकित्सा केंद्र बनाए गए हैं.
10 अगस्त को जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय की मौजूदगी में अजगैबीनाथ, लहुआ मोड़, असरगंज और ढांढी बेलारी जैसे मुख्य स्थलों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर कांवरियों का स्वागत किया गया. इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मेले का उद्घाटन किया था और वे लगातार इसकी निगरानी कर रहे हैं.
हालांकि, इस साल कांवरियों की संख्या में पिछले साल के मुकाबले 47.8 प्रतिशत की कमी आई है. इसका मुख्य कारण विक्रमशिला पुल का क्षतिग्रस्त होना और बेली ब्रिज पर बड़े वाहनों की पाबंदी बताया जा रहा है. प्रशासन को उम्मीद है कि धान की रोपनी खत्म होने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी.