Saudi Arabia में विजिट वीजा की समय सीमा खत्म होने पर लगेगा भारी जुर्माना, 6 महीने तक हो सकती है जेल

World : सऊदी अरब जाने वाले भारतीय पर्यटकों और कामगारों के लिए जरूरी खबर है। सऊदी सरकार ने उन लोगों को सख्त चेतावनी दी है जो अपने विजिट वीजा की समय सीमा खत्म होने के बाद भी वहां रुकते हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर

World : सऊदी अरब जाने वाले भारतीय पर्यटकों और कामगारों के लिए जरूरी खबर है। सऊदी सरकार ने उन लोगों को सख्त चेतावनी दी है जो अपने विजिट वीजा की समय सीमा खत्म होने के बाद भी वहां रुकते हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है।

सऊदी अरब के गृह मंत्रालय और पासपोर्ट निदेशालय (Jawazat) ने साफ किया है कि इमिग्रेशन कानूनों को बिना किसी छूट के लागू किया जाएगा। अगर कोई व्यक्ति वीजा खत्म होने के बाद भी सऊदी अरब में रहता है, तो उस पर 50,000 सऊदी रियाल (लगभग 13,000 डॉलर) तक का जुर्माना लग सकता है। इसके साथ ही दोषी व्यक्ति को छह महीने तक की कैद की सजा हो सकती है और सजा पूरी होने के बाद उसे देश से बाहर निकाल दिया जाएगा।

जुर्माने का तरीका इस बात पर निर्भर करेगा कि व्यक्ति ने कितनी बार नियम तोड़ा है। पहली बार ओवरस्टे करने पर करीब 15,000 रियाल, दूसरी बार में 25,000 रियाल और तीसरी बार नियम तोड़ने पर अधिकतम 50,000 रियाल का जुर्माना और जेल हो सकती है। इसके अलावा, ऐसे लोगों पर भविष्य में सऊदी अरब आने के लिए कई सालों का या जीवनभर का बैन भी लगाया जा सकता है।

सरकार ने विजिट वीजा धारकों की मदद के लिए एक ग्रेस पीरियड (रियायती समय) की सुविधा भी दी है। 26 जून 2025 से सभी विजिट वीजा धारकों को 30 दिन का समय दिया गया ताकि वे कानूनी तौर पर देश छोड़ सकें। इस समय सीमा को बढ़ाकर 25 अगस्त 2025 तक कर दिया गया था। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए लोगों को Absher प्लेटफॉर्म के Tawasul सर्विस के जरिए एग्जिट परमिट लेना होगा और पुराने जुर्माने चुकाने होंगे।

सऊदी अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी है कि जो स्पॉन्सर्स (प्रायोजक) ओवरस्टे करने वाले विजिटर्स की जानकारी नहीं देंगे, उन पर भी 50,000 रियाल का जुर्माना और जेल की सजा हो सकती है। अब डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए वीजा की समय सीमा पर रियल टाइम नजर रखी जा रही है, इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी वीजा एक्सपायरी डेट का खास ख्याल रखें।