Patna के PMCH में शुरू होंगी आधुनिक CT स्कैन और MRI मशीनें, अब मरीजों को नहीं करना होगा लंबा इंतजार
Bihar/Patna: पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में इलाज कराने वाले मरीजों के लिए बहुत अच्छी खबर है। अस्पताल के नए रेडियोलॉजी भवन में इसी महीने यानी जुलाई 2026 तक दो अत्याधुनिक CT Scan और एक रिसर्च आधारित MRI मशीन शुरू
Bihar/Patna: पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में इलाज कराने वाले मरीजों के लिए बहुत अच्छी खबर है। अस्पताल के नए रेडियोलॉजी भवन में इसी महीने यानी जुलाई 2026 तक दो अत्याधुनिक CT Scan और एक रिसर्च आधारित MRI मशीन शुरू हो जाएंगी। इन नई मशीनों के आने से अब मरीजों को जांच के लिए हफ्तों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और उन्हें विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बताया कि सरकार की कोशिश है कि बिहार के लोगों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों में न जाना पड़े। इन मशीनों से मरीजों को सस्ती और अच्छी जांच सेवाएं मिलेंगी। पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह के मुताबिक, रिसर्च आधारित MRI मशीन पहली बार बिहार के किसी सरकारी अस्पताल में लगाई जा रही है। इसका इस्तेमाल मरीजों के इलाज के साथ-साथ गंभीर बीमारियों पर शोध करने के लिए भी किया जाएगा।
इन नई मशीनों की क्षमता काफी ज्यादा है। एक मशीन से 24 घंटे में 100 से ज्यादा मरीजों की जांच हो सकेगी, जिससे कुल मिलाकर हर दिन 300 से अधिक लोग अपनी जांच करा पाएंगे। मशीनों को चलाने के लिए बाहर से प्रशिक्षित तकनीशियनों को रखा जाएगा। जांच का शुल्क बहुत कम रखा जाएगा, जिसे रोगी कल्याण समिति की बैठक के बाद तय किया जाएगा ताकि गरीब मरीज भी इसका लाभ उठा सकें।
बता दें कि 23 जून 2026 को स्वास्थ्य मंत्री ने नए रेडियोलॉजी विभाग का उद्घाटन किया था। अब एक ही परिसर में अल्ट्रासाउंड, CT स्कैन, MRI और एक्स-रे जैसी सभी जरूरी जांचें एक साथ मिल सकेंगी। इस पूरे काम में बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) जरूरी वर्कफोर्स मुहैया कराएगा।