Lucknow में PM मोदी के योग गुरु डॉ. रवींद्र मोहन आचार्य ने किया योग शिक्षकों को सम्मानित

Lucknow: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निजी योग गुरु और सलाहकार डॉ. रवींद्र मोहन आचार्य शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। उन्होंने हजरतगंज स्थित विश्वेश्वरैया भवन में आयोजित ‘योग गौरव सम्मान 2026’ कार्यक्रम में हिस्सा

Lucknow: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निजी योग गुरु और सलाहकार डॉ. रवींद्र मोहन आचार्य शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। उन्होंने हजरतगंज स्थित विश्वेश्वरैया भवन में आयोजित ‘योग गौरव सम्मान 2026’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से ठीक पहले आयोजित किया गया था, जिसमें योग के क्षेत्र में काम करने वाले कुशल शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम का आयोजन MLC और क्रीड़ा भारती उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह द्वारा ‘अवनिश योग संकल्प अभियान’ के तहत किया गया था। कार्यक्रम में डॉ. रवींद्र मोहन आचार्य के साथ स्वामी अभिषेक देव और स्त्री इंडिया स्पोर्ट्स फाउंडेशन की अध्यक्ष गीता सिंह भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस मौके पर करीब 400 योगचार्यों, प्रशिक्षकों और शोधकर्ताओं को उनके योगदान के लिए सम्मान दिया गया।

डॉ. रवींद्र मोहन आचार्य ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है और यह व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक एकता और देश की तरक्की का आधार है। वहीं इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की कोशिशों से योग आज पूरी दुनिया की जीवनशैली बन चुका है। उन्होंने जमीनी स्तर पर योग को फैलाने वालों को सम्मानित करने की जरूरत पर जोर दिया। गीता सिंह ने कहा कि आज के दौर में संतुलित जीवन जीने के लिए योग ही एकमात्र जरिया है, जिससे आम लोग मानसिक तनाव और बीमारियों से दूर रह सकते हैं।

सम्मान के लिए लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के जिलों से नामांकन मांगे गए थे, जिसके बाद 5 सदस्यों की एक जूरी ने विजेताओं का चुनाव किया। इस कार्यक्रम में अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए:

  • योग जीवन गौरव सम्मान: 20 साल से ज्यादा समय तक योगदान देने वालों को।
  • युवा एवं बाल योग प्रेरणा सम्मान: युवाओं में योग को बढ़ावा देने वालों को।
  • युवा योग प्रशिक्षक सम्मान: 18 साल से कम उम्र के प्रशिक्षकों को।
  • योग संस्थान उत्कृष्टता सम्मान: बेहतरीन काम करने वाले संस्थानों को।