Philippines में भारी बारिश और लैंडस्लाइड से मचा तांडव, अब तक 6 लोगों की मौत
World : फिलीपींस के उत्तरी इलाकों में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। यहां अलग-अलग जगहों पर लैंडस्लाइड और बाढ़ आने से अब तक कम से कम 6 लोगों की जान जा चुकी है। हालात इतने खराब हैं कि कई इला
World : फिलीपींस के उत्तरी इलाकों में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। यहां अलग-अलग जगहों पर लैंडस्लाइड और बाढ़ आने से अब तक कम से कम 6 लोगों की जान जा चुकी है। हालात इतने खराब हैं कि कई इलाकों में स्कूल और सरकारी दफ्तर बंद करने पड़े हैं।
मौसम विभाग PAGASA के मुताबिक यह सब ट्रॉपिकल डिप्रेशन Maymay (कुजीरा) की वजह से हुआ है। पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि बेंगुएत के ला ट्रिनिदाद में एक रेस्टोरेंट की रसोई पर मलबा गिरने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि एक को बचा लिया गया। इसके अलावा रिज़ाल के रोड्रिगेज में चट्टान खिसकने से दो भाई मारे गए और दो लोग डूबने से जान गंवा बैठे।
इस प्राकृतिक आपदा का असर बहुत बड़े पैमाने पर दिख रहा है। NDRRMC की रिपोर्ट के अनुसार करीब 80,000 लोग इससे प्रभावित हुए हैं और 9,000 से ज्यादा लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है। करीब 3,000 लोग फिलहाल 55 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। सरकार ने प्रभावितों की मदद के लिए 12 लाख फिलीपीन पेसो से ज्यादा की खाद्य और अन्य सामग्री भेजी है।
रास्तों पर भी काफी असर पड़ा है। बागुइओ शहर को जोड़ने वाला मुख्य हाईवे ‘केनन रोड’ पत्थरों और मलबे के गिरने के खतरे के कारण पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जहां सिर्फ स्थानीय निवासियों को जाने की अनुमति है। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि जमीन पहले से ही गीली है, इसलिए आने वाले शनिवार तक बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा बना रहेगा।