Philippines में भारी बारिश और बाढ़ से हाहाकार, 8 लोगों की मौत और लाखों लोग प्रभावित

World : फिलीपींस में 3 अगस्त से जारी भारी मानसूनी बारिश, जिसे स्थानीय भाषा में ‘habagat’ कहा जाता है, ने भारी तबाही मचाई है। इस बारिश की वजह से देश के कई हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन हुआ है, जिससे अब तक 8 लोगो

World : फिलीपींस में 3 अगस्त से जारी भारी मानसूनी बारिश, जिसे स्थानीय भाषा में ‘habagat’ कहा जाता है, ने भारी तबाही मचाई है। इस बारिश की वजह से देश के कई हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन हुआ है, जिससे अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है। हालात इतने खराब हैं कि करीब 1.24 लाख परिवार इस आपदा की चपेट में आए हैं।

ताजा जानकारी के मुताबिक, रिज़ल, बटांगस, बेंगुएट और ला यूनियन जैसे इलाकों में चट्टानें गिरने, डूबने और करंट लगने से मौतें हुई हैं। सात लोग घायल हैं और एक व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है। करीब 8,300 लोग अपना घर छोड़कर 119 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। मेट्रो मनीला और लुज़ोन के कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गई हैं, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।

खतरे की घंटी तब और बढ़ गई जब क्वीज़ोन सिटी के ला मेसा डैम का जलस्तर खतरे के निशान 79.50 मीटर को पार कर 79.77 मीटर तक पहुँच गया। वहीं मारिकिना नदी में भी पानी बढ़ने के बाद निचले इलाकों से लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। फिलीपींस की मौसम एजेंसी PAGASA ने चेतावनी दी है कि 10 अगस्त को भी लुज़ोन और विसायस में भारी बारिश जारी रहेगी। इलोकोस सुर और बेंगुएट के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहाँ भीषण बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा सबसे ज्यादा है।

राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर ने सभी संबंधित सरकारी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने का आदेश दिया है। उन्होंने बांधों से पानी छोड़ने की प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखने और बचाव कार्यों में तेजी लाने को कहा है। सोमवार को राष्ट्रपति एजेंसी प्रमुखों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा करेंगे। इस आपदा में करीब 170 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और बुनियादी ढांचे को लगभग 105.5 मिलियन PHP का नुकसान हुआ है। शिक्षा विभाग ने बताया कि भारी बारिश के कारण 2,424 क्लासरूम को नुकसान पहुँचा है, जिसकी वजह से कई इलाकों में सोमवार को स्कूल बंद रखे गए हैं।