Patna University में LLB प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक, मोबाइल लेकर हॉल में घुसा छात्र
Bihar: पटना यूनिवर्सिटी में शनिवार को एलएलबी नामांकन के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा के दौरान हड़कंप मच गया। पटना कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर एक छात्र मोबाइल फोन लेकर हॉल के अंदर घुस गया और उसने प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर
Bihar: पटना यूनिवर्सिटी में शनिवार को एलएलबी नामांकन के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा के दौरान हड़कंप मच गया। पटना कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर एक छात्र मोबाइल फोन लेकर हॉल के अंदर घुस गया और उसने प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन में खलबली मच गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 12 बजकर 2 मिनट पर हुई। जिस समय छात्र ने पेपर वायरल किया, उस समय परीक्षा हॉल का जैमर बंद था, जिसका फायदा उठाकर उसने फोटो भेज दी। जैसे ही प्रशासन को इसकी खबर मिली, तुरंत जैमर चालू कराया गया। परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस तैनात थी और हर छात्र की जांच की जा रही थी, फिर भी यह छात्र मोबाइल अंदर ले जाने में कामयाब रहा।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. बीके लाल ने बताया कि पेपर वायरल तो हुआ, लेकिन उसके उत्तर परीक्षा हॉल के अंदर नहीं पहुंच पाए। उन्होंने साफ किया कि चूंकि आम छात्रों तक जवाब नहीं पहुंचे, इसलिए परीक्षा रद्द नहीं की जाएगी। पेपर वायरल करने वाला छात्र मौके से भाग गया था, जिसकी पहचान के लिए अब सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
एलएलबी की यह प्रवेश परीक्षा तीन केंद्रों पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चली। प्रशासन ने बताया कि कुछ अन्य छात्रों के पास भी मोबाइल मिले थे, लेकिन उनकी जांच में वायरल पेपर का कोई सबूत नहीं मिला। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और दोषी छात्र की तलाश जारी है।