Patna में गूगल मैप्स ने सुलझाई जलजमाव की गुत्थी, सड़क के नीचे दबे मिले 5 चैंबर
Bihar/Patna : पटना के शिवपुरी इलाके में अटल पथ की सर्विस लेन पर बारिश के बाद होने वाले जलजमाव का कारण अब सामने आ गया है। पटना नगर निगम (PMC) ने गूगल मैप्स की मदद से यह पता लगाया कि सड़क के नीचे पांच बड़े चैंबर दबे हुए थे
Bihar/Patna : पटना के शिवपुरी इलाके में अटल पथ की सर्विस लेन पर बारिश के बाद होने वाले जलजमाव का कारण अब सामने आ गया है। पटना नगर निगम (PMC) ने गूगल मैप्स की मदद से यह पता लगाया कि सड़क के नीचे पांच बड़े चैंबर दबे हुए थे, जिसकी वजह से पानी की निकासी नहीं हो पा रही थी।
पटलपुत्र जोन के कार्यपालक अधिकारी पुण्यत्रु ने इस समस्या को सुलझाने के लिए गूगल मैप्स के अप्रैल 2023 के स्ट्रीट व्यू और एरियल इमेजेस का सहारा लिया। जांच में पता चला कि ये चैंबर अक्टूबर 2025 के सैटेलाइट मैप्स में नहीं दिख रहे थे। असल में साल 2020 में अटल पथ के निर्माण के दौरान सड़क कास्टिंग और पिचिंग के समय इन चैंबरों को गलती से ढक दिया गया था। यही वजह थी कि हल्की बारिश में भी यहां पानी जमा हो जाता था क्योंकि नालों की सफाई करना नामुमकिन था।
लोकेशन का पता चलते ही नगर निगम ने पोकलेन मशीनों और अन्य उपकरणों की मदद से सड़क को खोदकर इन पांचों चैंबरों को बाहर निकाला। अब इन चैंबरों की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके। PMC की योजना है कि इन चैंबरों का आकार बढ़ाया जाए और उन पर लोहे की जाली लगाई जाए, जिससे भविष्य में सफाई आसान हो और पानी तेजी से बहे।
नगर निगम अब शिवपुरी से राजीव नगर चौक के बीच अन्य दबे हुए चैंबरों की तलाश और सफाई का अभियान जारी रखेगा। इस बीच, पटना में जुलाई की शुरुआत से ही भारी बारिश के कारण नेहरू पथ और राजीव नगर जैसे इलाकों में जलजमाव की समस्या बनी हुई है। नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे नालों में कचरा न डालें ताकि शहर की ड्रेनेज व्यवस्था सही तरीके से काम कर सके।