Patna में सड़क हादसे के बाद भारी बवाल, 500 अज्ञात लोगों पर FIR, 20 हिरासत में
Patna: राजधानी पटना के छोटी पहाड़ी इलाके में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे ने भयानक रूप ले लिया। हादसे के बाद भड़की भीड़ ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी फैल गई। स्थिति इतनी खराब थी कि लोग अपनी जान बचाने
Patna: राजधानी पटना के छोटी पहाड़ी इलाके में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे ने भयानक रूप ले लिया। हादसे के बाद भड़की भीड़ ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी फैल गई। स्थिति इतनी खराब थी कि लोग अपनी जान बचाने के लिए वाहन छोड़कर भागने लगे।
इस मामले में पुलिस ने अब तक दो अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। पहली FIR मृतक के पिता के बयान पर बस चालक के खिलाफ बाइपास ट्रैफिक थाने में दर्ज कराई गई है। वहीं, दूसरी FIR अगमकुआं थाने में दर्ज हुई है, जिसमें उपद्रव, आगजनी, सड़क जाम और लूटपाट के आरोप में 500 अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नौ थानों की टीम के साथ तीन गांवों में छापेमारी की और 20 लोगों को हिरासत में लिया है।
भीड़ का गुस्सा इस कदर था कि रास्ते से गुजरने वाले आम लोगों को निशाना बनाया गया। इस हिंसा में आधा दर्जन से ज्यादा राहगीर घायल हुए हैं। उपद्रवियों ने महिलाओं के साथ भी मारपीट की, जिसमें एक महिला का पैर टूट गया। स्कूल से बच्चों को लेने जा रहे अभिभावक भी इस हिंसा की चपेट में आए। भीड़ ने 50 से ज्यादा लोगों के मोबाइल फोन तोड़ दिए और कई ट्रकों के शीशे व दर्जनों बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
बवाल की वजह से पटना-बख्तियारपुर, गया-डोभी, हाजीपुर-पटना और बेऊर जैसे मुख्य रास्तों पर करीब छह घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। इस जाम में एंबुलेंस, स्कूली बसें और प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियां भी फंसी रहीं। ट्रैफिक SP सागर कुमार झा ने स्थिति संभालने के लिए चेकपोस्टों पर अतिरिक्त बल तैनात किया और बेऊर मोड़ से ट्रैफिक डायवर्ट कराया, जिसके बाद रास्ता खुला।
पूर्वी SP शैलजा ने बताया कि उपद्रवियों ने मौके पर लगे CCTV कैमरे तोड़ दिए थे, लेकिन पुलिस ने DVR सुरक्षित कब्जे में ले लिया है। अब फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की मदद से हुड़दंगियों की पहचान की जा रही है ताकि उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।