Patna में पुलिस मुठभेड़ के बाद बंटी यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Bihar/Patna: पटना पुलिस ने गुरुवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बंटी यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह मुठभेड़ सुबह करीब 3 बजे बूढ़ा कॉलोनी थाना क्षेत्र के एलएंडटी
Bihar/Patna: पटना पुलिस ने गुरुवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बंटी यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह मुठभेड़ सुबह करीब 3 बजे बूढ़ा कॉलोनी थाना क्षेत्र के एलएंडटी इलाके से बांस घाट जाने वाली कच्ची सड़क पर हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि रवीश पटना लौट रहा है, जिसके बाद जाल बिछाकर उसे घेरा गया।
पुलिस के मुताबिक, रवीश ने पहले फायरिंग की, जिसमें एक गोली कोतवाली पुलिस स्टेशन की सरकारी गाड़ी के बोनट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिससे रवीश के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया गया है। मौके से एक देसी पिस्तौल बरामद हुई है और सबूत जुटाने के लिए FSL की टीम को बुलाया गया था।
बंटी यादव का अपहरण 6 जुलाई 2026 को पटना जंक्शन के महावीर मंदिर के पास से हुआ था और 11 जुलाई को उसका क्षत-विक्षत शव अथमलगोला इलाके से मिला था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने एक SIT का गठन किया था। पुलिस के अनुसार, रवीश नेपाल भागने की फिराक में था। इस केस में पहले ही रोहित कुमार, बजरंग कुमार, रवि कुमार, अजीत कुमार और रोशन कुमार जैसे आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इस घटना के बाद पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया है, जिनमें एएसआई प्रवीण कुमार पंकज, अवधेश कुमार, वीर बहादुर सिंह और होमगार्ड सुदर्शन प्रसाद शामिल हैं। ये जवान अपहरण वाली जगह के पास तैनात थे लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं कर पाए। फिलहाल पुलिस रवीश से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि वह पटना में क्या साजिश रच रहा था और उसके साथ कौन-कौन जुड़ा है।