Bihar: पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक महिला यात्री ने प्लेटफॉर्म पर ही एक बच्ची को जन्म दिया. खगड़िया जाने का इंतजार कर रही महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिसके बाद मौके पर मौजूद रेल पुलिस और अन्
Bihar: पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक महिला यात्री ने प्लेटफॉर्म पर ही एक बच्ची को जन्म दिया. खगड़िया जाने का इंतजार कर रही महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिसके बाद मौके पर मौजूद रेल पुलिस और अन्य यात्रियों ने मिलकर उनकी मदद की. समय पर मिली मदद की वजह से मां और बच्ची दोनों सुरक्षित हैं.
स्टेशन पर कैसे हुआ बच्ची का जन्म?
खगड़िया जिले के सुंबा राज घाट की रहने वाली खुशबू कुमारी अपने पति नरसिंह चौधरी के साथ ट्रेन का इंतजार कर रही थीं. सुबह करीब 9:18 बजे उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा हुई. यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर 02/03 की है. स्टेशन मास्टर को सूचना मिलते ही GRP और RPF की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत मदद शुरू की.
मदद के लिए किसने निभाया अहम रोल?
डिलीवरी के दौरान ड्यूटी पर तैनात ASI संजय कुमार और होमगार्ड सुप्रिया कुमारी ने तत्परता दिखाई. उन्होंने प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य महिला यात्रियों के सहयोग से सुरक्षित डिलीवरी कराई. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर तालमेल की वजह से किसी अनहोनी को टाला जा सका.
अभी मां और बच्चे की सेहत कैसी है?
प्राथमिक उपचार के बाद मां और नवजात बच्ची को तुरंत दानापुर के अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया. वहां के डॉक्टरों ने जांच के बाद पुष्टि की है कि खुशबू कुमारी और उनकी बेटी दोनों की हालत स्थिर और स्वस्थ है. प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने रेल पुलिस के इस मानवीय चेहरे और त्वरित कार्रवाई की काफी तारीफ की है.