Patna के LNJP हड्डी अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री का औचक निरीक्षण, गंदगी और लापरवाही देख भड़के निशांत

Bihar/Patna: राजवंशी नगर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) हड्डी अस्पताल में मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अचानक निरीक्षण करने पहुंचे। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले इस दौरे में मंत्री ने वार्ड, ओपीडी, इमरजेंसी

Bihar/Patna: राजवंशी नगर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) हड्डी अस्पताल में मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अचानक निरीक्षण करने पहुंचे। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले इस दौरे में मंत्री ने वार्ड, ओपीडी, इमरजेंसी और रसोई समेत पुरुष शौचालय तक का जायजा लिया। अस्पताल में पसरी गंदगी और सुविधाओं की कमी देखकर स्वास्थ्य मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मरीजों से सीधे बात की। मरीजों ने शिकायत की कि अस्पताल में दवाएं नहीं मिलती हैं और उन्हें महंगी दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ती हैं। सबसे गंभीर आरोप यह लगा कि अस्पताल में जांच की सुविधा होने के बावजूद कुछ लोग मरीजों को निजी पैथोलाजी सेंटरों पर जाने के लिए दबाव बनाते हैं। साथ ही कई डॉक्टर वार्ड और ट्रायज में समय पर नहीं आते हैं।

मंत्री ने ओपीडी में खराब एसी और व्हील चेयर की कमी पर भी नाराजगी जताई। ड्यूटी से गायब रहने वाले डॉ. राकेश कुमार रोशन और बाहर से जांच लिखने वाले न्यूरो के डॉ. श्याम किशोर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने साफ कहा कि मरीजों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अस्पताल की व्यवस्था सुधारने के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि पैथोलाजी विभाग अब 24 घंटे काम करेगा ताकि इमरजेंसी मरीजों की जांच तुरंत हो सके। सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए पुरानी एजेंसी को हटा दिया गया है और 13 जुलाई से जीविका दीदियां सफाई का जिम्मा संभालेंगी। इसके अलावा मंत्री ने 400 बेड वाले नए अस्पताल भवन का भी निरीक्षण किया, जहां रैंप जैसी कुछ तकनीकी कमियां पाई गईं जिन्हें ठीक करने को कहा गया है।