Patna के IGIMS अस्पताल के बाहर दवा दुकान में फायरिंग, विवाद के बाद स्टाफ की पिटाई कर भागे हमलावर

Bihar/Patna: राजधानी पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) के पास शुक्रवार को दवा बेचने के विवाद को लेकर भारी बवाल हुआ. अस्पताल के गेट नंबर तीन के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर में घुसकर कुछ लोगों ने स्टाफ के साथ

Bihar/Patna: राजधानी पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) के पास शुक्रवार को दवा बेचने के विवाद को लेकर भारी बवाल हुआ. अस्पताल के गेट नंबर तीन के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर में घुसकर कुछ लोगों ने स्टाफ के साथ मारपीट की और तीन से चार राउंड हवाई फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.

घटना अंशिका मेडिकल हॉल (न्यू अंशिका मेडिको) की है. दुकान के मालिक प्रमोद कुमार सिंह के मुताबिक, 6 से 7 लोग दुकान पर आए थे. बताया जा रहा है कि अस्पताल के अंदर दवा बेचने को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि कुछ दलाल मरीजों को अपनी पसंद की दुकानों पर ले जाने की कोशिश कर रहे थे, इसी बात को लेकर अंशिका मेडिकल हॉल के स्टाफ और एक दलाल के बीच कहासुनी हुई, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया.

सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एसडीपीओ सचिवालय अन्नू सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद किया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी नमूने एकत्र किए हैं.

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ‘मां मेडिको’ दुकान के पार्टनर पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि फायरिंग में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके. राहत की बात यह रही कि इस गोलीबारी में कोई घायल या हताहत नहीं हुआ है.