Patna में मनमाना किराया वसूलने वाले ऑटो चालकों पर गिरी गाज, 12 वाहनों पर लगा जुर्माना

Patna: राजधानी पटना में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों द्वारा यात्रियों से ज्यादा किराया वसूलने का मामला अब गरमा गया है। जिला परिवहन कार्यालय (DTO) ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को 12 ऑटो-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई की। मनमाने ढं

Patna: राजधानी पटना में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों द्वारा यात्रियों से ज्यादा किराया वसूलने का मामला अब गरमा गया है। जिला परिवहन कार्यालय (DTO) ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को 12 ऑटो-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई की। मनमाने ढंग से किराया लेने के कारण इन चालकों से कुल 30,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया, जिसमें हर चालक को 2,500 रुपये देने पड़े।

जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) उपेंद्र पाल ने बताया कि यात्रियों की तरफ से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि ऑटो चालक निर्धारित रेट से कहीं ज्यादा पैसे मांग रहे हैं। इसी के बाद विभाग ने यह कदम उठाया है। उन्होंने यह भी साफ किया कि शहर के प्रमुख रास्तों पर अब एक विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार से DTO के सभी 26 मोटर वाहन निरीक्षकों (MVI) को सड़कों पर उतार दिया गया है ताकि किराया वसूली पर लगाम लगाई जा सके।

नियमों के मुताबिक, अब अगर कोई ऑटो या ई-रिक्शा चालक तय किराए से ज्यादा पैसे लेता पाया गया, तो उस पर 5,000 रुपये तक का भारी जुर्माना लगाया जाएगा। परिवहन विभाग ने यह भी अनिवार्य कर दिया है कि सभी ऑटो और ई-रिक्शा में किराए की सूची साफ-साफ लिखी होनी चाहिए ताकि यात्रियों को पता रहे कि उन्हें कितना पैसा देना है। बिना सरकारी अनुमति के किराया बढ़ाना पूरी तरह गैरकानूनी है।

दरअसल, पेट्रोल और CNG की बढ़ती कीमतों का हवाला देकर कई ऑटो चालकों ने अपनी मर्जी से किराए में 30 से 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी थी। इस मुद्दे पर DTO उपेंद्र पाल ने कहा कि किराए की समीक्षा के लिए एक प्रस्ताव RTC सचिव को भेजा गया है। ऑटो और ई-रिक्शा यूनियन इस संबंध में अपना पक्ष रख सकते हैं, लेकिन जब तक आधिकारिक फैसला नहीं आता, तब तक मनमाना किराया वसूलने वालों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।