Palwal में 3 महीने बाद खुला ब्लाइंड मर्डर केस, दिल्ली से लाकर फेंका था शव, रुपयों के विवाद में दोस्तों ने की हत्या
Palwal/Delhi: हरियाणा के पलवल में तीन महीने पहले हुए एक सनसनीखेज मर्डर केस को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में दो नशा तस्कर दोस्तों ने पैसों के लेनदेन को लेकर अपने ही साथी की हत्या की और शव को पलवल के एक खाली प्लॉट म
Palwal/Delhi: हरियाणा के पलवल में तीन महीने पहले हुए एक सनसनीखेज मर्डर केस को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में दो नशा तस्कर दोस्तों ने पैसों के लेनदेन को लेकर अपने ही साथी की हत्या की और शव को पलवल के एक खाली प्लॉट में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की पूरी सच्चाई सामने आ गई है।
घटना की शुरुआत 6 अप्रैल 2026 को हुई जब दिल्ली के तुगलकाबाद किले के पास एक पार्क में रूप सिंह की हत्या की गई। रूप सिंह दिल्ली के नजफगढ़ के प्रेम नगर का रहने वाला था। हत्या के अगले दिन यानी 7 अप्रैल को पलवल के कैंप थाना क्षेत्र की पन्ना विहार कॉलोनी में एक खाली प्लॉट और गंदे नाले के पास रूप सिंह का शव मिला था। शरीर पर धारदार हथियार के निशान थे, जिससे मामला काफी पेचीदा हो गया था।
इस केस में बड़ा मोड़ तब आया जब दिल्ली पुलिस की रोहिणी क्राइम ब्रांच ने 11 जून 2026 को आर्म्स एक्ट के मामले में सुजीत उर्फ साधु और राजा बाबू उर्फ करण को गिरफ्तार किया। इन दोनों की मिलीभगत और दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के बाद पलवल पुलिस की क्राइम ब्रांच होडल ने कार्रवाई की। एसपी नीतीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में काम कर रही टीम ने मुख्य आरोपी सुजीत उर्फ साधु को 7 जुलाई को तिहाड़ जेल से तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी सुजीत और राजा बाबू दिल्ली के शाहबाद डेयरी के रहने वाले हैं और गांजे की तस्करी करते थे। रूप सिंह ने आरोपियों से गांजे के कारोबार के लिए 60 हजार रुपये लिए थे, जिसे वह लौटा नहीं रहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने बीयर की बोतल और चाकू से हमला कर रूप सिंह को बेहोश कर दिया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी रूप सिंह के शव को अपने स्कूटर पर लादकर पलवल ले गए और वहां फेंक दिया।
क्राइम ब्रांच होडल के इंचार्ज इंस्पेक्टर जगमिंदर सिंह ने बताया कि इस मामले के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई थी। पुलिस अब रिमांड के दौरान मृतक का मोबाइल फोन, खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल अन्य सबूत बरामद करने की कोशिश कर रही है।