Delhi-NCR समेत उत्तर भारत में मानसून हुआ कमजोर, उमस भरी गर्मी से लोग परेशान, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Delhi-NCR: उत्तर भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर कमजोर पड़ गया है। इस वजह से दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उमस भरी गर्मी काफी बढ़ गई है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में कोई मजबूत मौ

Delhi-NCR: उत्तर भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर कमजोर पड़ गया है। इस वजह से दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उमस भरी गर्मी काफी बढ़ गई है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में कोई मजबूत मौसमी सिस्टम न होने के कारण मानसूनी हवाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं, जिससे इन इलाकों में बारिश की कमी आई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इस स्थिति को ‘मानसून ब्रेक’ कहा जा रहा है। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा था। हालांकि 14 जुलाई की सुबह हल्की बूंदाबांदी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन IMD ने 19 जुलाई तक दिल्ली में किसी बड़ी बारिश की संभावना से इनकार किया है। स्काइमेट वेदर के अनुसार, जुलाई के आखिरी हफ्ते में मानसून फिर से सक्रिय हो सकता है।

दूसरी तरफ, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और वहां मूसलाधार बारिश हो रही है। अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की वजह से बाढ़ और भूस्खलन आया है, जिसमें सात लोगों की जान चली गई और 29 लोग घायल हुए हैं।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जुलाई के बीच भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 और 19 जुलाई को तेज बारिश का अनुमान है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश की उम्मीद है।

मानसून के कमजोर पड़ने का असर खेती पर भी दिख रहा है। 10 जुलाई 2026 तक खरीफ फसलों की बुवाई का रकबा 16% घटकर 531.25 लाख हेक्टेयर रह गया है। IMD ने लोगों को मौसम की ताजा जानकारी रखने और बिजली कड़कने या भारी बारिश के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।