Noida पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों पर कसा शिकंजा, 2 FIR दर्ज

Noida/Delhi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP विरोध प्रदर्शन के बीच नोएडा पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में दो अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। पुलिस का कहना है कि कुछ

Noida/Delhi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP विरोध प्रदर्शन के बीच नोएडा पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में दो अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। पुलिस का कहना है कि कुछ अकाउंट्स के जरिए जानबूझकर झूठ फैलाकर शहर की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और लोगों के बीच अराजकता पैदा करने की कोशिश की गई थी।

नोएडा पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने इंस्टाग्राम पर ‘जंतर-मंतर लाइव 24 सच की बात जेन जेड’ और ‘चर्चा जंक्शन न्यूज’ के साथ-साथ एक्स (ट्विटर) के ‘ट्रूथफुल क्रिटिकल’ नामक अकाउंट के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, 22 जुलाई को एक वीडियो शेयर किया गया था जिसमें दावा किया गया कि नोएडा के सेक्टर-63 में 45,000 से ज्यादा मजदूर वेतन वृद्धि के लिए आंदोलन कर रहे हैं और चिल्ला बॉर्डर पर जाम लगा है। जांच में यह बात पूरी तरह गलत निकली। पुलिस ने साफ किया कि नोएडा में ऐसा कोई आंदोलन नहीं हो रहा है क्योंकि सरकार पहले ही वेतन वृद्धि पर फैसला ले चुकी है।

एक अन्य मामले में पुलिसकर्मियों द्वारा आम लोगों के साथ बदतमीजी दिखाने वाला वीडियो शेयर किया गया था। पुलिस का कहना है कि इस वीडियो की जगह और समय की पुष्टि किए बिना इसे गलत तरीके से पेश किया गया ताकि पुलिस की छवि खराब हो। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) शैव्या गोयल ने बताया कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कर लोगों को उकसाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी तरफ, दिल्ली पुलिस ने भी CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके की मौत की झूठी खबर फैलाने वाली एक फर्जी अखबार की क्लिपिंग को खारिज कर दिया है। जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन जारी है, जहां छात्र NEET पेपर लीक और CBSE की गड़बड़ियों के खिलाफ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। हाल ही में CJP नेताओं की केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ बैठक हुई है और अगली चर्चा 25 जुलाई को होगी। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सरकारी आश्वासनों के बाद अपनी 26 दिनों की भूख हड़ताल खत्म कर दी है।