Noida में फर्जी एयरलाइन टिकट घोटाला, 13 साइबर ठग गिरफ्तार, विदेशियों से ठगे 10 करोड़ रुपये
Noida: नोएडा पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सेक्टर 63 से 13 लोगों को गिरफ्तार किया है जो फर्जी एयरलाइन टिकट के जरिए अमेरिका और यूरोप के लोगों को अपना शिकार बना रहे थे। यह प
Noida: नोएडा पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सेक्टर 63 से 13 लोगों को गिरफ्तार किया है जो फर्जी एयरलाइन टिकट के जरिए अमेरिका और यूरोप के लोगों को अपना शिकार बना रहे थे। यह पूरा गिरोह एक अवैध कॉल सेंटर चला रहा था और विदेशी नागरिकों से करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई तकनीकी खुफिया जानकारी और स्थानीय इनपुट के आधार पर की गई। जांच में पता चला कि गिरफ्तार किए गए आरोपी काफी पढ़े-लिखे हैं और वे विदेशी ग्राहकों का भरोसा जीतने के लिए अमेरिकी और यूरोपीय लहजे (Accent) में बात करते थे। पुलिस ने इनके पास से 13 लैपटॉप और 16 मोबाइल फोन समेत कई डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं। बरामद डिवाइस के विश्लेषण से पता चला है कि इस गिरोह ने करीब 1.05 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 10 करोड़ रुपये) का लेनदेन किया है।
ठगी करने का तरीका बहुत शातिर था। ये लोग Google Ads और Facebook जैसे प्लेटफॉर्म पर फर्जी विज्ञापन चलाते थे और नकली वेबसाइट के जरिए खुद को बड़ी ट्रैवल एजेंसी या एयरलाइन प्रतिनिधि बताते थे। ये लोगों को सस्ते फ्लाइट टिकट का लालच देते थे या रद्द की गई फ्लाइट के रिफंड का वादा करते थे। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय पेमेंट गेटवे के जरिए डॉलर में पैसे वसूलते थे। कई मामलों में फर्जी टिकट जारी किए गए और कई बार तो कोई टिकट दिया ही नहीं गया। पकड़े जाने से बचने के लिए ये लोग टिकट ऐसी तारीखों के लिए बुक करते थे जो कई महीने बाद की होती थीं, ताकि ठगी का पता देर से चले। साथ ही ये लोग अपने फोन नंबर और सिस्टम भी बार-बार बदलते रहते थे।
पुलिस ने इस मामले में रवि खुराना, दीपक कुमार, शोभित दीक्षित, दिलीप पांडे, शुभम चौधरी, साहिब चौहान, ऋत्विक राय, हिमांशु मलिक, प्रत्यक्ष शर्मा, जितेश कामरा, देव अग्रवाल, आरती और स्वाति राघव को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस जब्त किए गए उपकरणों की फोरेंसिक जांच कर रही है ताकि इस घोटाले की पूरी गहराई का पता लगाया जा सके और अन्य पीड़ितों की पहचान की जा सके।