Delhi-NCR के जाम से मिलेगी राहत, नितिन गडकरी ने किया 1.04 लाख करोड़ के रोड प्रोजेक्ट्स का ऐलान
Delhi: दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए एक बड़ी खबर है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ट्रैफिक जाम की समस्या को खत्म करने के लिए 1.04 लाख करोड़ रुपये के बड़े प्रोजेक्ट्स की घोषणा की है। इसके तहत करीब 2,105
Delhi: दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए एक बड़ी खबर है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ट्रैफिक जाम की समस्या को खत्म करने के लिए 1.04 लाख करोड़ रुपये के बड़े प्रोजेक्ट्स की घोषणा की है। इसके तहत करीब 2,105 किलोमीटर लंबी सड़कों का जाल बिछाया जाएगा, जिससे सफर आसान होगा और समय की बचत होगी।
लोकसभा में दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के सवाल के जवाब में नितिन गडकरी ने यह जानकारी दी। सरकार का लक्ष्य दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है ताकि सड़कों पर गाड़ियों का दबाव कम हो सके।
इन प्रोजेक्ट्स में कुछ खास काम शामिल हैं जो सीधे तौर पर आम लोगों को फायदा पहुंचाएंगे। इनमें सबसे प्रमुख डीएनडी फ्लाईवे को सोहना से जोड़ने वाला छह लेन का ग्रीनफील्ड कॉरिडोर है, जिस पर करीब 4,583 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा, शिव मूर्ति से वसंत कुंज के नेल्सन मंडेला मार्ग तक करीब 7,000 करोड़ रुपये की लागत से एक छह लेन की टनल बनाई जाएगी। इस टनल के बनने से द्वारका एक्सप्रेसवे और एनएच-48 के जरिए एयरपोर्ट जाने वाले रास्तों, जैसे महिपालपुर और वसंत कुंज में जाम कम होगा।
दक्षिण दिल्ली के चार अहम रास्तों को भी अपग्रेड करने की तैयारी है। इनमें आश्रम चौक से बदरपुर बॉर्डर, महरौली-गुड़गांव रोड, आईएनए से महिपालपुर और कालिंदी कुंज जंक्शन को ओखला बैराज से जोड़ने वाला इंटरचेंज शामिल है।
मंत्रालय ने यह भी साफ किया है कि इन प्रोजेक्ट्स की सटीक लागत और पूरा होने का समय अभी तय नहीं हुआ है। पहले इनकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) और व्यवहार्यता अध्ययन किया जाएगा, जिसके बाद ही समय सीमा तय होगी। ये सभी काम पीएम गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान के हिसाब से किए जाएंगे। हालांकि, यह भी सामने आया है कि फिलहाल चल रहे 50 प्रतिशत से ज्यादा नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स अपने तय समय से पीछे चल रहे हैं।