Navi Mumbai में सड़क पर उतरे बिजली के तार, 2 कॉलेज छात्राओं को लगा करंट, हालत खतरे से बाहर
Maharashtra/Navi Mumbai: नवी मुंबई के नेरुल इलाके में भारी बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ सड़क पर बिजली का तार गिरने से दो कॉलेज छात्राएं करंट की चपेट में आ गईं। गनीमत रही कि पास मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाई और
Maharashtra/Navi Mumbai: नवी मुंबई के नेरुल इलाके में भारी बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ सड़क पर बिजली का तार गिरने से दो कॉलेज छात्राएं करंट की चपेट में आ गईं। गनीमत रही कि पास मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाई और दोनों लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फिलहाल दोनों का इलाज D.Y. Patil Hospital में चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
यह घटना नेरुल के LP Bridge के नीचे बीकानेर स्वीट्स रेस्टोरेंट के पास हुई। बारिश की वजह से सड़क पर पानी जमा था और बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने के कारण पानी में करंट उतर आया। इस दौरान वहां से गुजर रही दो छात्राएं बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। मौके पर मौजूद एक राहगीर ने पेड़ की टहनी का इस्तेमाल कर दोनों लड़कियों को पानी से बाहर निकाला और तुरंत ऑटो रिक्शा से अस्पताल पहुँचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही नवी मुंबई की मेयर सुजाता पाटिल ने मौके का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को इस मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं। मेयर ने कहा कि प्रशासन को जलजमाव रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कुछ इलाकों में लापरवाही की वजह से पानी जमा रहा। अब यह जांच की जाएगी कि वह बिजली का तार MSEDCL का था या किसी अन्य विभाग का, ताकि जिम्मेदारी तय की जा सके।
नेरुल पुलिस ने भी इलाके की जांच की है और अपनी रिपोर्ट तैयार की है। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से उस जगह को घेर लिया है ताकि कोई और हादसा न हो। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में काफी डर और गुस्सा है। लोगों का कहना है कि मानसून के समय पब्लिक यूटिलिटीज और बिजली के तारों का रखरखाव ठीक से नहीं किया जाता, जिससे आम जनता की जान जोखिम में रहती है। इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।