Bihar के Muzaffarpur में बारात के दौरान हर्ष फायरिंग, 3 लोग हुए घायल

Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार रात एक शादी समारोह के दौरान हुई अंधाधुंध फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. यह मामला साहेबगंज नगर

Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार रात एक शादी समारोह के दौरान हुई अंधाधुंध फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. यह मामला साहेबगंज नगर परिषद के परसौनी जहांगीर वार्ड-21 का है, जहां केसरिया थाना क्षेत्र के जगीराहां गांव से मुकेश पाठक के घर बारात आई थी.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारात में एक युवक नशे की हालत में भोजपुरी गानों पर डांस कर रहा था और इसी दौरान उसने अवैध हथियार से फायरिंग शुरू कर दी. इस फायरिंग की चपेट में आने से तीन लोग जख्मी हो गए. घायलों में परसौनी जहांगीर के रहने वाले 35 वर्षीय टेंट संचालक अनिल पासवान शामिल हैं, जिनके बाएं घुटने में गोली लगी है. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद SKMCH रेफर किया गया है, जबकि अन्य दो घायलों को इलाज के लिए मोतिहारी और मुजफ्फरपुर शहर के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

सूचना मिलते ही अपर थानेदार अशोक राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस को बताया गया कि उनके पहुंचने से पहले ही घटनास्थल से कारतूस के खोखे हटा दिए गए थे. फिलहाल पुलिस फायरिंग करने वाले युवक की पहचान करने में जुटी है.

गौरतलब है कि बिहार पुलिस हर्ष फायरिंग को लेकर काफी सख्त है. संशोधित शस्त्र अधिनियम के तहत यह एक दंडनीय अपराध है, जिसमें दो साल तक की जेल या 1 लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं. बिहार पुलिस मुख्यालय ने जून 2023 में सभी जिलों को निर्देश दिया था कि मैरिज हॉल और कम्युनिटी सेंटर के मालिकों से घोषणा पत्र भरवाए जाएं और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.