Muzaffarpur में किराना दुकान की आड़ में चरस तस्करी, 4 किलो माल के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

Muzaffarpur: बिहार एसटीएफ और औराई पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मधुबन गांव में एक किराना दुकान की आड़ में चल रहे अवैध कारोबार को पकड़ा है। छापेमारी के दौरान पुलिस

Muzaffarpur: बिहार एसटीएफ और औराई पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मधुबन गांव में एक किराना दुकान की आड़ में चल रहे अवैध कारोबार को पकड़ा है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर को 4 किलो चरस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुन्नू कुमार उर्फ मुन्नू साह के रूप में हुई है, जो बिंदेश्वर साह का पुत्र है। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और औराई थाना में उसके खिलाफ शराब तस्करी का मामला पहले से दर्ज है। पुलिस ने मौके से चरस के साथ एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख से 30 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।

जांच में यह बात सामने आई कि मुन्नू साह लंबे समय से अपनी किराना दुकान का इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी के लिए कर रहा था। बिहार एसटीएफ ने आरोपी से पूछताछ करने के बाद अपनी जांच रिपोर्ट औराई थाना पुलिस को सौंप दी है। अब स्थानीय पुलिस एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह माल कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।