Bihar: मुंगेर के कांवरिया पथ पर 50 किलो के अनोखे कांवर के साथ पहुंचे शिवभक्त, आकर्षण का केंद्र बने

Munger: सावन के महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले शिव भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। मुंगेर के कच्ची कांवरिया पथ पर इस बार कई अनोखी कांवर देखने को मिल रही हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा उन शिवभक्तों की हो रही है

Munger: सावन के महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले शिव भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। मुंगेर के कच्ची कांवरिया पथ पर इस बार कई अनोखी कांवर देखने को मिल रही हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा उन शिवभक्तों की हो रही है जो भारी वजन और विशेष आकृतियों वाली कांवर लेकर चल रहे हैं।

भागलपुर से आए संजीव कुमार अपनी 50 किलो की विशेष कांवर के साथ मुंगेर के कच्ची कांवरिया पथ पर पहुंचे। उनकी इस कांवर में भगवान जगन्नाथ विराजे हुए हैं, जो वहां से गुजरने वाले अन्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके अलावा कोलकाता से आए करीब 60 शिव भक्तों का एक समूह 110 किलो वजनी बाबा भोलेनाथ की विशाल प्रतिमा को कांवर बनाकर यात्रा कर रहा है।

सावन के पहले सोमवार को इस पथ पर भक्तों की भारी भीड़ रही। उमस और तेज धूप के बावजूद लोगों की आस्था कम नहीं हुई। प्रशासन और विभिन्न संस्थाओं ने श्रद्धालुओं की मदद के लिए कई इंतजाम किए हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और जय बाबा भोलेनाथ सेवा संस्थान ने नि:शुल्क सेवा शिविर लगाए हैं, जहां कांवरियों को फल, शरबत, शुद्ध पानी और प्राथमिक उपचार की दवाएं दी जा रही हैं।

श्रद्धालुओं के लिए कमराय में एक कृत्रिम गुफा का प्रवेश द्वार बनाया गया है, जहां लोग रुककर सेल्फी ले रहे हैं। वहीं, भागलपुर जिला प्रशासन ने दूसरी सोमवारी के मौके पर पहली बार हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा करने की तैयारी की है। आंकड़ों के मुताबिक, 8 अगस्त तक करीब 2 लाख 41 हजार 478 कांवरिये सुलतानगंज से बाबा धाम के लिए रवाना हो चुके हैं, जिनमें 20 महिला डाकबम भी शामिल हैं।