Mumbai में महिलाओं को हुआ पेट का दुर्लभ कैंसर, ओवरी ट्यूमर जैसा दिखने के कारण पहचान में हुई देरी

Maharashtra: मुंबई की दो महिलाओं में पेट के कैंसर का एक दुर्लभ रूप पाया गया है, जिसे Krukenberg tumours कहा जाता है। यह कैंसर शरीर में फैलने के बाद ओवरी (अंडाशय) में ट्यूमर जैसा दिखता है, जिसकी वजह से डॉक्टरों को इसे पहच

Maharashtra: मुंबई की दो महिलाओं में पेट के कैंसर का एक दुर्लभ रूप पाया गया है, जिसे Krukenberg tumours कहा जाता है। यह कैंसर शरीर में फैलने के बाद ओवरी (अंडाशय) में ट्यूमर जैसा दिखता है, जिसकी वजह से डॉक्टरों को इसे पहचानने और इलाज शुरू करने में काफी समय लग गया।

यह मामला मुंबई के Government Medical College और Cama and Albless Hospital के डॉक्टरों ने सामने रखा है। इंटरनेशनल जर्नल ऑफ रिप्रोडक्शन, कॉन्ट्रासेप्शन, ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, यह कैंसर असल में पेट से शुरू हुआ था और बाद में ओवरी तक फैल गया।

पहले मामले में 25 साल की महिला को पेट में दर्द, पीरियड्स का अनियमित होना, भूख न लगना और वजन कम होने जैसी शिकायतें थीं। शुरुआती स्कैन में उसकी दाहिनी ओवरी में एक बड़ा ट्यूमर दिखा, लेकिन गहराई से जांच करने पर पता चला कि कैंसर पेट से शुरू होकर वहां पहुंचा था।

दूसरे मामले में 37 साल की महिला, जो दो बच्चों की मां है, उसे भी पेट दर्द, पीरियड्स की समस्या और मल त्याग की आदतों में बदलाव महसूस हो रहा था। जांच में उसकी दोनों ओवरी में बड़े ट्यूमर मिले, जो बाद में पेट के कैंसर का ही हिस्सा निकले।

डॉ. प्रतीक्षा दत्तू खमकर, डॉ. तुषार पाल्वे और डॉ. अनुषा शेट्टी ने बताया कि Krukenberg tumours के लक्षण बहुत साधारण होते हैं, इसलिए अक्सर लोग और डॉक्टर इसे शुरुआती दौर में ओवरी का कैंसर समझ लेते हैं। इस वजह से सही इलाज मिलने में देरी होती है।

मेडिकल जानकारी के अनुसार, इस तरह के कैंसर के करीब 70 प्रतिशत मामले पेट से शुरू होते हैं, हालांकि यह कोलन, अपेंडिक्स और ब्रेस्ट से भी फैल सकता है। यह बीमारी कम उम्र की महिलाओं में ज्यादा देखी जाती है। इसका इलाज मुश्किल होता है, लेकिन सर्जरी और कीमोथेरेपी से जीवन को कुछ समय तक बढ़ाया जा सकता है।