Mumbai में भारी बारिश से भरे जलाशय, Tulsi और Vihar झीलें ओवरफ्लो; पानी की किल्लत से मिलेगी राहत

Maharashtra: मुंबई में हो रही जोरदार बारिश से शहर की प्यास बुझाने वाले जलाशयों का स्तर तेजी से बढ़ा है। सात मुख्य झीलों में पानी का स्टॉक अब 41.36% तक पहुंच गया है, जिससे आने वाले समय में पानी की किल्लत की चिंता कम हुई ह

Maharashtra: मुंबई में हो रही जोरदार बारिश से शहर की प्यास बुझाने वाले जलाशयों का स्तर तेजी से बढ़ा है। सात मुख्य झीलों में पानी का स्टॉक अब 41.36% तक पहुंच गया है, जिससे आने वाले समय में पानी की किल्लत की चिंता कम हुई है। भारी बारिश के कारण शहर के भीतर स्थित तुलसी और विहार झीलें पूरी तरह भर चुकी हैं और अब ओवरफ्लो हो रही हैं।

बीएमसी (BMC) के मुताबिक, मंगलवार 7 जुलाई की रात 9 बजे विहार झील ओवरफ्लो हुई, जबकि इसके कुछ देर बाद रात 11:43 बजे तुलसी झील भी भर गई। तुलसी झील का समय से पहले भरना पिछले सालों के मुकाबले काफी अलग है, क्योंकि 2024 और 2025 में यह झील अगस्त के महीने में ओवरफ्लो हुई थी। पिछले 24 घंटों में विहार झील में 77 मिमी और तुलसी झील में 122 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

मुंबई नगर आयुक्त अश्विनी भिडे ने बताया कि तुलसी और विहार झीलों का अतिरिक्त पानी मीठी नदी में जाता है, इसलिए प्रशासन नदी के जलस्तर पर पैनी नजर रख रहा है। हालांकि झीलों का स्तर बढ़ा है, लेकिन बीएमसी ने साफ किया है कि फिलहाल 10% पानी की कटौती जारी रहेगी। हाइड्रोलिक इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जब सभी सात जलाशय पूरी तरह भर जाएंगे, तभी इस कटौती को हटाने पर विचार किया जाएगा। इसका रिव्यू जुलाई के अंत तक हो सकता है।

प्रशासन का लक्ष्य है कि 30 सितंबर तक सभी सात झीलें 100% भर जाएं ताकि अगले मानसून तक पानी की कोई समस्या न हो। जानकारों के मुताबिक, पानी के स्टॉक में हर 1% की बढ़ोत्तरी शहर की करीब तीन दिन की जरूरत को पूरा करती है। वहीं, मौसम विभाग (IMD) ने 8 जुलाई को मुंबई और उपनगरों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है, जबकि पालघर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 9 जुलाई से बारिश की रफ्तार कम होने की उम्मीद है।