Mumbai में वॉचमैन की हत्या की गुत्थी सुलझी, कारोबारी के परिवार को लूटने की साजिश में 5 गिरफ्तार

Maharashtra/Mumbai: जुहू पुलिस ने विले पारले वेस्ट के अभिजीत रेजिडेंशियल बिल्डिंग में 1 अगस्त को हुई वॉचमैन मोहन यादव की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरो

Maharashtra/Mumbai: जुहू पुलिस ने विले पारले वेस्ट के अभिजीत रेजिडेंशियल बिल्डिंग में 1 अगस्त को हुई वॉचमैन मोहन यादव की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक कारोबारी के घर का रसोइया और जुहू में रहने वाले एक मशहूर बॉलीवुड डायरेक्टर का ड्राइवर शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बिल्डिंग में रहने वाले एक कारोबारी, उनकी पत्नी और बेटी को लूटने की बड़ी साजिश रची थी। इस गैंग का मकसद घर से विदेशी और भारतीय मुद्रा, हीरे-सोने के गहने और सोने की ईंटें चुराना था। जांच में सामने आया कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड रसोइया जोगेश्वर मल्लिक था, जिसने विजय गंजारे के साथ मिलकर करीब ढाई साल पहले इस अपराध की योजना बनाई थी। पकड़े गए आरोपियों में बिहार के मधुबनी का रहने वाला जोगेश्वर मल्लिक और डायरेक्टर का ड्राइवर विजय गंजारे मुख्य हैं, जबकि तीन अन्य मददगारों को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने पहले वॉचमैन मोहन यादव को नशीला पदार्थ पिलाया, लेकिन जब उसका असर कम हुआ तो उन्होंने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। उसके हाथ बांधकर शव को पानी की टंकी में फेंक दिया गया। इसके बाद आरोपी डुप्लीकेट चाबियों की मदद से कारोबारी के फ्लैट में घुसने की कोशिश करने लगे, लेकिन दरवाजा नहीं खुला और वे वहां से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों ने कबूल किया कि पकड़े जाने के डर से उन्होंने छह महीने पहले ही फोन पर बात करना बंद कर दिया था और केवल आमने-सामने मिलकर योजना बना रहे थे।

इस पूरे मामले की जांच डीसीपी (वेस्ट जोन-2) मोहित गर्ग की देखरेख में की गई। टीम में एसीपी विनोद गाओंकर, सीनियर इंस्पेक्टर बापूराव गावड़े और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे, जिन्होंने सबूत जुटाकर आरोपियों तक पहुंच बनाई।