Mumbai के Vile Parle में हाई-राइज बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 2 की मौत और 4 लोग घायल
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के विले पारले (वेस्ट) इलाके में मंगलवार रात एक ऊंची इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। आग इतनी भयानक थी कि बिल्डिंग की 11वीं मंजिल पर कई लोग
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के विले पारले (वेस्ट) इलाके में मंगलवार रात एक ऊंची इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। आग इतनी भयानक थी कि बिल्डिंग की 11वीं मंजिल पर कई लोग फंस गए थे, जिन्हें मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
यह घटना बैप्टिस्टा रोड पर स्थित ‘शांता भवन’ बिल्डिंग की है, जो 12 मंजिला ऊंची इमारत है। मुंबई फायर ब्रिगेड के कंट्रोल रूम को रात करीब 10:02 बजे आग की सूचना मिली थी। शुरुआत में इसे लेवल-1 की मामूली आग माना गया, लेकिन जब आग तेजी से फैली तो रात 10:16 बजे तक इसे लेवल-2 की गंभीर घटना घोषित कर दिया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में 2.5 साल के अबीर और 23 साल की अंकिता की मौत हो गई। वहीं, पार्थ (32), हिरेन (64), यशस्वी और अभिषेक नाम के चार लोग घायल हुए हैं। इन सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए नानावती अस्पताल ले जाया गया।
मौके पर मुंबई पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और स्थानीय वार्ड स्टाफ की टीम पहुंची थी। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के बाद लोग 11वीं मंजिल पर फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल आग लगने की असली वजह साफ नहीं हो पाई है और अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।