Mumbai में इलेक्ट्रिक कार ने तीन दोपहिया वाहनों को मारी टक्कर, एक महिला की मौत, 2 घायल
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के विले पारले (पूर्व) इलाके में बुधवार शाम एक तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक SUV ने तीन दोपहिया वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक 41 वर्षीय महिला की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभी
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के विले पारले (पूर्व) इलाके में बुधवार शाम एक तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक SUV ने तीन दोपहिया वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक 41 वर्षीय महिला की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा रेलवे स्टेशन रोड पर मोगीबाई मार्केट के पास हुआ।
पुलिस के मुताबिक, हादसा शाम 4:30 से 5:00 बजे के बीच हुआ। हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान किंजल शाह के रूप में हुई है। वहीं, घायल निर्मला डोजीया और प्रेमजी डोजीया का इलाज गॉडे अस्पताल में चल रहा है। विले पारले पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 44 साल के ड्राइवर विलास गव्हाणकर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि ड्राइवर गाड़ी को बहुत ही लापरवाही और तेज रफ्तार से चला रहा था। विलास गव्हाणकर का दावा है कि वह कार पर से नियंत्रण खो बैठा था, जिसकी जांच के लिए पुलिस एक्सपर्ट की राय लेगी। पुलिस ने ड्राइवर के खून के नमूने भी लिए हैं ताकि यह पता चल सके कि वह शराब के नशे में तो नहीं था।
ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) और धारा 281 (लापरवाह ड्राइविंग) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।