Mumbai में रिहायशी बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 2.5 साल के बच्चे समेत 2 की मौत
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के विले पारले (वेस्ट) इलाके में मंगलवार रात एक रिहायशी बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ढाई साल के बच्चे और एक महिला की जान चली गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। आग विले पारले के बैप्ट
Maharashtra/Mumbai: मुंबई के विले पारले (वेस्ट) इलाके में मंगलवार रात एक रिहायशी बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ढाई साल के बच्चे और एक महिला की जान चली गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। आग विले पारले के बैप्टिस्टा रोड पर स्थित 12 मंजिला ‘शांता भवन’ बिल्डिंग की 11वीं मंजिल के दो फ्लैटों में लगी थी।
जानकारी के मुताबिक, आग मंगलवार रात करीब 10:02 बजे शुरू हुई और देखते ही देखते फैल गई। रात 10:16 बजे तक इसे लेवल 2 की आग घोषित कर दिया गया था। मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर 11वीं मंजिल पर फंसे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और बुधवार रात करीब 12:25 बजे इसे नियंत्रित किया गया, जबकि पूरी तरह ठंडा करने का काम रात 1:00 बजे खत्म हुआ।
इस दर्दनाक हादसे में 2.5 साल के बच्चे अबीर और 23 साल की महिला अंकिता की मौत हो गई। दोनों को ननावती अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, घायल पार्थ, हिरेन, यशस्वी और अभिषेक को भी ननावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से पार्थ और हिरेन की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि यशस्वी और अभिषेक को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
आग बुझाने के दौरान मुंबई फायर ब्रिगेड के जवान मनोज सोनावने और शिवम द्विवेदी भी घायल हो गए, जिन्हें कूपर अस्पताल में इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। BMC के प्रो ऑफिस के अनुसार, आग फ्लैट नंबर 1101 और 1102 के करीब 4,000 स्क्वायर फीट इलाके में फैली थी, जिसमें बिजली की वायरिंग, AC यूनिट और घर का फर्नीचर जलकर राख हो गया। फायर ऑफिसर वी. भोसले ने बताया कि आग लगने की असली वजह की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती शक शॉर्ट सर्किट पर है।